भदोही। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर शुक्रवार को कोतवाली में प्रशासनिक अफसरों ने श्री दुर्गा पूजा महासमिति और श्री रामलीला समिति के पदाधिकारियों संग बैठक की। इसमें सार्वजनिक रूप से दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित नहीं होने के बारे में अवगत कराया गया।
एसडीएम आशीष कुमार मिश्र ने कहा कि सात अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रहा है। ऐसे में हम सबको कोरोना के संभावित तीसरे लहर से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों को बताया कि इसी क्रम में शासन का निर्देश है कि इस वर्ष भी दुर्गा पूजा पंडालों की स्थापना नहीं होगी। लोग अपने घरों में मूर्ति स्थापना कर सकते हैं। एसडीएम ने लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि यदि घर पर भी प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं तो इसकी भी सूचना प्रशासन को देनी होगी। विसर्जन जुलूस के संबंध में बताया कि केवल पांच लोग एक साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए जा सकते हैं क्योंकि हम सबको भीड़ से बचना है। श्री रामलीला मंचन से संबंधित कहा कि रामलीला देखने के लिए अधिकतम सीमा 100 रखी जाए।
श्री दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष तथा रामलीला समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने जिला प्रशासन को हर प्रकार से सहयोग देने का वादा दिया। पालिका ईओ जी.लाल, जेई हरिशंकर कुशवाहा, कुंवर ज्योति प्रकाश, लेखपाल रिशुन कुमार, गुलाम संजरी, दिलीप गुप्ता, जितेंद्र पांडेय, अजय दूबे, हृदय सरोज, रमाशंकर, सुभाष मौर्या, प्रिंस गुप्ता, जितेंद्र यादव, मुन्नी यादव, राजीव मोदनवाल, अरविंद गुप्ता, रमाशंकर प्रजापति, करुण शंकर दुबे, सुजीत यादव, इरशाद अंसारी, दानिश सिद्दीकी, महेंद्रनाथ बिंद, अभिषेक यादव, दयाशंकर मौर्या, सुभाष यादव, विकास साहू आदि उपस्थित रहे।