मेडिकल स्टोर पर मिलने वाली दवाओं की जनरल स्टोर पर बिक्री के प्रस्ताव का दवा विक्रेताओं ने विरोध किया है। दवा विक्रेता समिति के पदाधिकारियों ने सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल आर्गनाइजेशन के ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड की ओर से बनी कमेटी के प्रस्ताव को गलत बताया है। साथ ही सरकार इसको वापस लेने की मांग की है।
जिले में बुलानाला, सप्तसागर, नेहरू मार्केट में थोक और फुटकर की करीब पांच हजार दुकानें हैं। यहीं से वाराणसी के साथ ही पूर्वांचल भर में दवाइयां बिक्री के लिए जाती हैं। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह का कहना है कि एडवाजइरी बोर्ड की सहमति के बाद जिस तरह से ओटीसी यानी ओवर द काउंटर बिकने वाली दवाओं की सूची बनाने की बात कही गई है, वह गलत है।
ऑल इंडिया आर्गनाइजेशन आफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक को दिए ज्ञापन के माध्यम से इस तरह के प्रस्ताव को खारिज करने की मांग की है। महामंत्री ने चेतावनी दी कि यदि प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया गया तो बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।