वाराणसी में लंका क्षेत्र में दवा की दुकानों पर छापा मारती औषधि विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी के इस दौर में भी दवा, जांच के उपकरणों सहित अन्य सामानों के मनमाने दाम पर बिक्री जारी है। इन शिकायतों को लेकर वाराणसी में औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को लंका क्षेत्र में मेडिकल की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान खरीद और बिक्री से जुड़े कागजातों की जांच में गड़बड़ी मिली। अनियमितता मिलने पर एक दुकान को बंद कराया गया, जबकि एक अन्य दुकान को नोटिस जारी की गई।
सहायक औषधि आयुक्त केजी गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी से लंका क्षेत्र के दवा दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। औषधि निरीक्षक सौरभ दुबे ने बताया की लंका स्थित आनंद मेडिकल स्टोर, श्याम मेडिकल और मां वैष्णो मेडिकल स्टोर पर कोविड महामारी से संबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री की जांच की गई। बताया कि कागजातों की जांच में श्याम मेडिकल को क्रय विक्रय में अनियमितता के चलते बंद कराया गया। इस दौरान कई दुकानदार दुकान बंद करके भाग गए। बताया कि इसके बाद टीम ट्रामा सेंटर के पास अभिषेक सर्जिकल की जांच करने पहुंची, जहां सामानों की बिक्री से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर नोटिस भी दी गई। टीम में औषधि निरीक्षक चंदौली आरएल गुप्ता, औषधि निरीक्षक गाजीपुर राहुल कुमार शामिल रहे।