खुरासन रोड स्टेशन के पास क्रॉसिंग नंबर 58/सी से रविवार की सुबह करीब 8:50 बजे एक ट्रैक्टर ईंट लेकर निकल रहा था। जैसे ही ट्रैक के बीच पहुंचा तो चालक वहीं पर ट्रैक्टर को रोक कर बगल में कहीं चला गया। इसी दौरान अहमदाबाद-दरभंगा साबरमती (19165) ने दीदारगंज स्टेशन को छोड़ दिया।
साबरमती ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटा विलंब से चल रही थी। खुरासन रोड स्टेशन मास्टर ने गेट मैन को फाटक बंद करने का संदेश दिया तब तक साबरमती आउटर सिगनल पर आ चुकी थी।
स्टेशन मास्टर द्वारा साबरमती के ड्राइवर को सूचना देकर ट्रेन को रोकना पड़ा। इसके बाद ट्रैक्टर चालक को बुलाकर ट्रैक्टर को हटवाया गया। तब तक साबरमती पांच मिनट तक आउटर पर रुकी रही। ट्रैक्टर को हटाने के बाद बाद उसे गुजारा गया। खुरासन रोड स्टेशन प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर छोडकर ड्राइवर कहीं चला गया था। जिसकी सूचना कंट्रोल को दे दी गई। ट्रेन को बीच में रोककर ट्रैक्टर को हटवाया गया तब जाकर ट्रेन वहां से गुजरी।