जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बच्चों के लिए बाल संरक्षण और बाल कल्याण कोष के शुभारंभ के लिए अनुमोदन किया है। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इससे जरूरत पड़ने पर बच्चों को शीघ्र मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
कहा इस कोष में कोई भी व्यक्ति सहायता राशि जमा कर सकता है। इस धनराशि से बालश्रम, भिक्षा वृत्ति, बाल विवाह, बाल यौन शोषण, बाल तस्करी, गंभीर बीमारी से प्रभावित बच्चों की मदद की जाएगी। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों की समीक्षा भी की गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी ने बाल संरक्षण योजना के उद्देश्य और किए गए कार्यों से समिति को अवगत कराया। डीएम ने उप श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि श्रम विभाग के सभी अधिकारियों को प्रत्येक चौराहे की जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही संबंधित थाने की पुलिस इस कार्य में सहयोग करेगी। इसी के साथ ईंट भट्ठा, इंडस्ट्रियल एरिया आदि का निरीक्षण कर बालश्रम में लिप्त बच्चों को मुक्त कराते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। देव दीपावली से पूर्व जनपद को बालश्रम और बाल भिक्षा वृत्ति से मुक्त कराने के लिए निर्देशित किया गया। ब्यूरो