वाराणसी में मंगलवार को राइफल क्लब में विजयी भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या को प्रमाण पत्र देते एडीएम प्रशासन।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद भाजपा प्रत्याशी पूनम मौर्या निर्विरोध निर्वाचित हुईं। नाम वापसी के लिए तीन बजे तक का समय था। मंगलवार को जिला रायफल क्लब में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र दिया। नामांकन वाले दिन ही पूनम मौर्या का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। केवल औपचारिकता मात्र बची थी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की पूनम मौर्या और सपा की चंदा यादव ने नामांकन किया था। नामांकन पत्रों की जांच में सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज होने के साथ ही पूनम का निर्विरोध निर्वाचन तय था। चूंकि आयोग के नियमानुसार नाम वापसी का समय बीतने के बाद ही किसी को जीत का प्रमाण पत्र दिया जाता है। मंगलवार को तीन बजे के बाद प्रमाण पत्र दिया गया। इस मौके पर भाजपा एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, विधायक अवधेश सिंह, सुरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, जितेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, देवेंद्र सिंह आदि शामिल रहे। उधर, जिला पंचायत में नए अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी शुरू हो गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि शपथ ग्रहण की तारीख आने के बाद ही सदन की बैठक होती है। तीन जुलाई के बाद तारीख की घोषणा की जाएगी।