गठित होगी पंचांग नियमन समिति
काशी विद्वत परिषद जल्द ही एक पंचांग नियमन समिति का गठित करेगा। इसके जरिये व्रतों, पर्वों पर एकरूपता के लिए संवाद होगा, ताकि जनमानस में व्रत व पर्वों को लेकर कोई संदेह न पैदा हो सके। प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए धर्मशास्त्रियों, ज्योतिषीय और पंचांगों के संपादकों के साथ काशी विद्वत परिषद की जल्द बैठक होगी।
जगमग होंगे गंगा घाट, 13 लाख दीये जलेंगे, गंगा उस पार भी जलेंगे दीये
देव दीपावली पर गंगा घाट जगमग होंगे। सभी घाटों और गंगा उस पार मिलाकर 13 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। इस बार नमो घाट पर भी देव दीपावली मनाई जाएगी। इस घाट पर एक लाख दीये जलाए जाएंगे।
देव दीपावली का जश्न इस बार भी उत्साह से मनाया जाएगा। शहर की तरफ से गंगा के 85 घाटों (नमो घाट सहित) 10 लाख दीये जलाए जाने हैं। गंगा उस पार तीन लाख दीये जलाए जाएंगे। इसकी तैयारी तेजी से चल रही है। दीप जलाने वाली संस्था, संगठन व लोगों को जल्द ही सरसों के तेल उपलब्ध कराए जाएंगे। दिव्य, भव्य व नव्य काशी में देव दीपावली के आयोजन पर करीब 25 लाख रुपये खर्च होंगे।