10 लाख से अधिक की भीड़ जुटने का अनुमान
काशी में इस बार देव दीपावली पर भीड़ के सारे रिकाॅर्ड टूट जाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार 10 लाख से अधिक की भीड़ देव दीपावली पर जुटेगी। करीब एक माह पहले गंगा किनारे के 90 फीसदी होटल फुल हो चुके हैं। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक देव दीपावली पर ज्यादातर सैलानी तीन दिन की बुकिंग करा रहे हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के बाद पर्यटन के क्षेत्र में काशी में बड़ा और अहम बदलाव आया है। ऐसे में पर्यटकों की आमद भी तेजी से बढ़ी है। देव दीपावली के लिए गंगा किनारे के तकरीबन सभी होटल व लॉज 25 से 28 नवंबर तक फुल हैं।
रेती पर जलेंगे साढ़े तीन लाख दीये
देव दीपावली पर गंगा के सभी घाटों की अलौकिक सजावट होती है। इसके लिए पर्यटन विभाग तेल, दीया और बाती का इंतजाम करता है। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत के मुताबिक देव दीपावली पर गंगा घाटों पर 13 लाख दीये जलाए जाएंगे। वहीं साढ़े तीन लाख दीये गंगा उस पार रेती पर जगमगाएंगे। इसकी जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग पर रहेगी। तैयारियां शुरू हो गई हैं।