फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच साल में कौन सिपाही दोबारा तैनात हुआ हाईवे किनारे के थानों में, जुटाया जा रहा ब्योरा

Tue, 17 Sep 2019 03:56 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी
विज्ञापन
ओपी सिंह, डीजीपी - फोटो : ANI
विज्ञापन

पशु और शराब तस्करी में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता का गंदा खेल उजागर होने पर डीजीपी ओपी सिंह की सख्ती के बाद संबंधित खाकी वर्दीधारियों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है। इसके लिए गोपनीय स्तर पर यह विवरण जुटाया जा रहा है कि वाराणसी, चंदौली और भदोही जिले में नेशनल हाईवे के किनारे के थानों से हटाए जाने के बाद बीते पांच साल में कौन सिपाही दोबारा तैनात हुआ। 

विज्ञापन


साथ ही, तीनों जिलों में नेशनल हाइवे के किनारे के थानों में कौन सा सिपाही कितने वर्ष से तैनात है। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों वाले तीनों जिलों के 13 सिपाहियों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाल कर यह ब्योरा जुटाया जा रहा है कि बीते तीन महीनों में उन्होंने किससे बातचीत की।

चंदौली जिले के मुगलसराय थाने की पुलिस ने बीती नौ सितंबर को हरियाणा निवासी दो युवकों के साथ शराब तस्करी के आरोप में रामनगर थाने के दो सिपाहियों और वाराणसी पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही को गिरफ्तार किया था। 
विज्ञापन


आरोप है कि रामनगर थाने के दोनों सिपाहियों और दोनों युवकों को मुगलसराय पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने के लिए इंस्पेक्टर अनूप कुमार शुक्ला सादे कपड़ों में मौके पर पहुंच गए थे। इस दौरान इंस्पेक्टर अनूप और मुगलसराय थाने के पुलिसकर्मियों के बीच काफी नोकझोंक हुई भी थी।

रामनगर पुलिस पर यह भी आरोप है कि शराब की अवैध खेप पकड़ कर 30 प्रतिशत बरामदगी दिखाई जाती थी और शेष 70 प्रतिशत माल दोबारा तस्करों को ही बेच दिया जाता था। रामनगर थाने के सिपाही राहुल मिश्रा पर पशु तस्करों के वाहन वाराणसी जिले की सीमा से पार कराने का आरोप है। इस पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश एसएसर्पी ने एएसपी मोहम्मद मुश्ताक को दिया है। 

माना जा रहा है कि इस हफ्ते एएसपी जांच पूरी कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंप देंगे। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और तस्करों के गठजोड़ का नेटवर्क ध्वस्त करेंगे: आईजी रेंज
आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने सोमवार को कहा कि पुलिस और शराब व पशु तस्करों के गठजोड़ का नेटवर्क हर हाल में ध्वस्त किया जाएगा। एसएसपी वाराणसी शराब और पशु तस्करी से जुड़े पूरे प्रकरण की विधिवत जांच करा रहे हैं। इसके लिए तस्करी के आरोप में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में मिली जानकारी, गोपनीय तरीके से जुटाई गई जानकारी और सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। जो कोई भी पुलिसकर्मी तस्करी के अवैध खेल में संलिप्त मिलेगा, उसके खिलाफ तगड़ी कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें