आदमपुर और लंका थाने की पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई का दिया आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। आदमपुर और लंका थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो विवाहिताओं की मौत हो गई। दोनों के ससुराल वालों ने बताया कि उन्होंने फंदा लगाकर जान दी है। वहीं, मायके वालों का आरोप था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या की गई है। आदमपुर और लंका थाने की पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
सेनपुरा की रहने वाली अन्नू (25) की शादी बीते जनवरी माह में ओमकालेश्वर निवासी पवन चौधरी से हुई थी। पवन का उसके घर के बाहर जनरल स्टोर है। पवन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह दर्शन करने गया था। वापस आया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद भी नहीं खुला तो घर के लोगों ने रोशनदान से झांक कर देखा। अन्नू अपनी साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के सहारे लटकी थी। घटना की सूचना आदमपुर थाने की पुलिस और अन्नू के मायके वालों को दी गई। अन्नू के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों की दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उनकी बेटी की हत्या की गई है।
उधर, लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर इलाके में रहने मुकेश पटेल ने अपनी पत्नी ममता पटेल (25) के मायके वालों को सूचना दी कि आपकी बेटी ने फंदा लगाकर जान दे दी है। गंगापुर काशीपुर स्थित ममता के मायके से आए उसके पिता रामजी पटेल ने दहेज की मांग पूरी न होने पर दामाद सहित ससुराल के चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। रामजी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी छह साल पहले हुई थी।