फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी में दालमंडी के व्यापारी को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

Mon, 03 Dec 2018 01:31 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
शेख सलीम फाटक के पास की घटना, हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई पर आरोप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
वाराणसी का चेतगंज थाना क्षेत्र रविवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। क्षेत्र के शेख सलीम फाटक के समीप रविवार की रात बदमाशों ने दालमंडी के व्यापारी सैयद शारिक हसन (23) को गोली मार दी। घायल शारिक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
विज्ञापन


चेतगंज थाने के एक हिस्ट्रीशीटर के छोटे भाई ने मनबढ़ई में बेवजह ही शारिक को गोली मारी है। पुलिस हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई के ठिकानों पर छापेमारी के साथ ही वारदात की वजह का पता लगाने में जुटी है।

बेनिया निवासी चार भाइयों में सबसे छोटा शारिक की दालमंडी में पार्टनरशिप में महिलाओं के कपड़े की दुकान है। शारिक के बड़े भाई मौलाना सैयद इश्तियाक हसन उर्फ गुड्डन ने बताया कि उन्होंने डिश टीवी का रिचार्ज कराने के लिए छोटे भाई को रात 11:15 बजे के लगभग भेजा था। थोड़ी ही देर में सूचना मिली कि घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर शारिक को गोली मार दी गई है तो परिजन भागकर मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


आननफानन में शारिक को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख कर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों के अनुसार  शारिक के बाएं हाथ और कमर में बाएं तरफ गोली लगी है। सूचना पाकर मौके पर चेतगंज के साथ ही दशाश्वमेध, लक्सा और चौक थाने की पुलिस के साथ एसपी सिटी मौके पर पहुंचे।  

एसपी सिटी  दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शारिक को चेतगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर अल्ताफ के भाई बंटू ने गोली मारी है और उसकी तलाश की जा रही है। बंटू आपराधिक प्रवित्ति का है, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

23 दिसंबर को होना है शारिक का निकाह

 बदमाश की गोली से घायल हुए सैयद शारिक हसन का आगामी 23 दिसंबर को निकाह होने वाला है। परिजनों के अनुसार उनकी किसी से कोई रंजिश नही है और क्षेत्र में उनका परिवार संभ्रांत लोगों में गिना जाता है। मौलाना सैयद इश्तियाक हसन उर्फ गुड्डन ने बताया कि उनके पिता की मौत हो चुकी है। चार भाई हैं लेकिन सभी अपने काम से मतलब रखते हैं।

उनके भाइयों और उनका कभी किसी से विवाद नहीं हुआ। इस वजह से किसी से रंजिश जैसी कोई बात नही है। उधर, शेख सलीम फाटक के समीप गोली चलने की आवाज सुनाई देते ही आसपास की चाय-पान की दुकानें बंद हो गई थीं और लोग अपने घरों में दुबक गए थे। वारदात के संबंध में पुलिस को भी कोई कुछ बताने को तैयार ना दिखा। पुलिस ने जब लोगों को कुरेदना शुरू किया तो कुछ लोगों ने नाम ना बताने की शर्त पर कहा कि बंटू ने गोली मारी है।
 
विज्ञापन

खंगाली गई सीसी कैमरे की फुटेज, पांच हिरासत में

शारिक को गोली मारे जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के मकानों और दुकानों पर लगे आधा दर्जन सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली। पुलिस ने फुटेज को सुरक्षित करने के साथ ही अल्ताफ और बंटू के छह करीबी को हिरासत में लिया है। देर रात तक सभी से चेतगंज थाने में पुलिस पूछताछ कर रही थी।

पिस्टल चेक करने के दौरान गोली चलने की आशंका
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार शेख सलीम फाटक के समीप अंधेरे में दोस्तों के साथ खड़ा होकर बंटू पिस्टल चेक कर रहा था। इसी दौरान फायरिंग हो गई और दो गोली शारिक को लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंटू नशे में धुत प्रतीत हो रहा था और उसे जैसे ही पता लगा कि शारिक को गोली लग गई है तो वो और उसके दोस्त मौके से भाग निकले।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें