क्राइम ब्रांच और बलुआ पुलिस ने चहनिया से किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा जिला उपाध्यक्ष से रंगदारी मांगने वाला 15 हजार का इनामी शातिर अपराधी सोनू उर्फ शंभुनाथ उर्फ मनीष अरोड़ा को चंदौली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया है। उसके पास से पुलिस ने 262 ग्राम हेरोइन भी बरामद किया है। बरामद हेरोइन की कीमत 27 लाख रुपये बताई जा रही है। यह जानकारी रविवार को चंदौली एसपी संतोष सिंह ने दी।
आरोपी इसके पहले भी रंगदारी मांगने के आरोप में कई बार जेल जा चुका है। एसपी ने बताया कि 22 नवंबर को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर पटेल के कार्यालय में घुसकर एक व्यक्ति धमकी देते हुए रंगदारी देने की मांग की थी। उपाध्यक्ष ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को गिरफ्तारी के लिए लगी हुई थी।
आरोपी पर 15 हजार को इनाम भी घोषित किया गया था। बताया कि शनिवार को क्राइम ब्रांच और बलुआ पुलिस ने चहनिया चौराहे के पास से एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान पकड़े गए वाराणसी के बांसफाटक निवासी सोनू उर्फ शंभूनाथ उर्फ मनीष अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उसने भाजपा नेता के कार्यालय में घुसकर रंगदारी मांगा था।
एसपी ने कहा कि पुलिस को आरोपी के पास से दो सौ 62 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है। बताया कि आरोपी पहले भी रंगदारी मांगने के आरोप में कई बार जेल जा चुका है और विभिन्न थानों में उसके ऊपर 17 मुकदमे दर्ज हैं।