वाराणसी जिले में बदमाश इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि दिनदहाड़े कहीं भी तमंचा तान दे रहे हैं। शहर में सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हुई सीसीटीवी फुटेज ने जिले की पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के बीच कानून के भय की पोल खोल कर रख दी। फुटेज वायरल हुई तो पुलिस हरकत में आई और लक्सा थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।
लक्सा-गुरुबाग मुख्य मार्ग पर संत नगर कॉलोनी मोड़ के समीप मंगलवार की शाम पांच बजे बाइक सवार दो बदमाश खड़े थे। सामने से एक महिला गुजरती हैं तो एक बदमाश उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गले से चेन खींचने लगता है।
महिला बदमाश से उलझ जाती हैं और आसपास के लोग दौड़ कर नजदीक आते हैं तो दूसरा बदमाश भी बाइक से उतरता है। दूसरा बदमाश भी तमंचा लहराते हुए सबको दूर हट जाने के लिए धमकाता है।
इसी बीच पहला बदमाश महिला की चेन का आधा हिस्सा छीनने में कामयाब हो जाते हैं और फिर दोनों तमंचा लहराते हुए खड़े रहते हैं। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर निकल जाते हैं। यह सारा वाकिया नजदीक स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना से इलाकाई लोगों के बीच भय का माहौल व्याप्त हैं।
इस संबंध में सीओ दशाश्वमेध स्नेहा तिवारी ने बताया कि महिला सोनभद्र की थीं और उन्होंने मुकदमा दर्ज कराने से मना किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर पड़ताल कर रही है।
उधर, चोलापुर थाना परिसर के समीप मंगलवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर चौबेपुर के हडियाडीह मुनारी निवासी दीपक सिंह की बहन शालिनी की सोने की चेन लूट ली।
वारदात के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए अपाचे बाइक से धरसौना की ओर भाग निकले। थाने के समीप सरेराह हुई इस वारदात के मामले में 24 घंटे बाद बुधवार को भी पुलिस के हाथ खाली रहे।