आसिफ खान की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-24 को शाम करीब 4:20 बजे जाम कर दिया और एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद भी ग्रामीणों ने जाम खाली नहीं किया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम विनय कुमार गुप्ता और सीओ आरबी सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने और डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की बात पर अड़े रहे। वही पुलिस बल की कमी और त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने बल प्रयोग नहीं किया। ग्रामीणों से पुलिसकर्मी धरना समाप्त करने के लिए कहते रहे लेकिन इसका कोई असर ग्रामीणों पर नहीं पड़ा।
वहीं बसपा नेता अतुल राय भी घटना की सुचना पर धरना स्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। देर रात करीब 10 बजे एसडीएम ने दोबारा ग्रामीणों को समझाया। जिस पर ग्रामीण मान गए और जाम खाली किया। फिलहाल आसिफ को गोली किन कारणों से मारी गई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस सम्बंध में एसडीएम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और चंदौली जनपद के जलालपुर गांव के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियम संगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। मौके से जाम खाली करा दिया गया है, शांति व्यवस्था कायम है।