15 नवंबर को गंगा घाटों पर छठ पूजा होगी। नगर निगम के पास 88 गंगा घाटों की सफाई के लिए मात्र 15 दिन बचे हैं। अब भी अस्सी, मानमंदिर, मानसरोवर, पांडेय, शिवाला, हरिश्चंद्र घाट, बूंदी परकोटा, गोला घाट, तेलियानाला, रानीघाट, सिंधिया घाट, पंचगंगा घाट, दुर्गाघाट समेत 24 घाट ऐसे हैं जहां सिल्ट पड़ी है।
बाढ़ का पानी उतरने के साथ घाटों पर सिल्ट है। राजघाट से लेकर अस्सी घाट तक की व्यवस्था अभी बेहतर नहीं है। सिल्ट हटाने के लिए नगर निगम ने पंप से सफाई शुरू तो की है, लेकिन रफ्तार धीमी है। घाटों पर 50 से अधिक दुकानों और चौकियों ने जगह घेर ली है। यही नहीं, कई घाटों पर नाव मरम्मत का काम और अन्य निर्माण सामग्री भी फैली पड़ी है।
पंचगंगा घाट और ब्रह्मा घाट की स्थिति भी यही है। श्रद्धालुओं को कठिनाई होगी। घाट के गुरु प्रसाद ने कहा कि कई घाटों पर सिल्ट है, जिसे समय से नहीं हटवाया तो छठ पूजा के दौरान दिक्कत होगी।