वाराणसी में एक कनफेक्शनरी फैक्ट्री मालिक से फिल्मी अंदाज में पांच लाख की रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चेतगंज क्षेत्र निवासी फैक्ट्री मालिक से रंगदारी मांगने वाले को बुधवार को संस्कृत विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास से क्राइम ब्रांच ने दबोचा।
बदमाश कारोबारी के यहां फायरिंग कर रंगदारी के लिए धमकाने जा रहे थे। बदमाशों ने फिल्म से प्रभावित होकर रंगदारी मांगी थी।
कपसेठी के नेवादा निवासी दुर्गा सिंह और लोहता के मो. कासिम उर्फ गोलू के पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस और धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में बताया कि सात जनवरी को चेतगंज निवासी एक कारोबारी को फोन कर पांच लाख की रंगदारी मांगी गई थी। रुपये न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
कारोबारी के मोबाइल फोन पर कॉल और मैसेज से लगातार रंगदारी मांग रहे थे। कारोबारी आज-कल कर टाल रहा था।
मामले की तफ्तीश क्राइम ब्रांच प्रभारी ओम नारायण सिंह को सौंपी गई थी। सर्विलांस की मदद से बुधवार को सामने आया कि जिस नंबर से फोन कर रंगदारी मांगी गई है, उसकी लोकेशन संपूर्णानंद विश्वविद्यालय क्षेत्र में है।
पुलिस की तलाशी देख दो युवक भागने लगे तो उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में मो. कासिम ने बताया कि वह कारोबारी के पड़ाव स्थित फैक्ट्री पर अप्पे से सामान की ढुलाई करता था। उसके शौक महंगे थे।
फिल्म से प्रभावित होकर उसने रंगदारी मांगी। वह जानता कि खुद फोन करेगा तो कारोबारी पहचान जाएगा। इसलिए अपनी पहचान के चालक दुर्गा सिंह को साथ लिया और उसी से फोन कराता था।
कारोबारी रुपये नहीं दे रहा था इसलिए बुधवार को दोनों उसके घर के बाहर फायरिंग कर धमकाने जा रहे थे। एसएसपी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की इस उपलब्धि पर पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।