गोवध रोकने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का असर अब दिखने लगा है। वाराणसी के लोहता इलाके में देर रात पुलिस ने रहीमपुर मोहल्ले में एक गाय को कटने से बचा लिया। पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
लोहता थाने के एसओ राजीव सिंह को मंगलवार की आधी रात को मुखबीर से सूचना मिली थी कि रहीमपुर मोहल्ले में एक गाय को काटने की तैयारी चल रही है। उन्होंने तत्काल बताये गए स्थान पर छापा मारा और एक गाय को बरामद की।
पुलिस ने इस दौरान मौके से रहीमपुर निवासी मतीन अंसारी और इकबाल अंसारी तथा मंडुआडीह के लल्लनराम और उपेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। लल्लनराम और उपेंद्र ने बताया कि ये गाय उनके इलाके में काफी दिनों से टहल रही थी।
उन्होंने स्वीकार किया कि वे गाय को काटने के लिए मतीन और इकबाल के पास ले गए थे। गाय के मांस की बिक्री का पैसा बराबर-बराबर बांटा जाना था। पुलिस ने चारों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
साथ ही गाय को थाने के पास एक पशुपालक को दे दिया है। सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रासुका लगाने की संस्तुति की जाएगी।