घर के बाहर खेल रही एक छह साल की मासूम के साथ एक किशोर ने दुष्कर्म किया। आरोपी किशोर ने किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना यूपी के मिर्जापुर जिले के एक गांव की है।
जिले के अहरौरा नगर क्षेत्र के एक मुहल्ले में रविवार की दोपहर दरवाजे पर खेल रही छह वर्षीया बच्ची को बहला कर घर ले गए किशोर ने उसके साथ दुराचार किया।
खून से लथपथ पीड़िता घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी दी। मां उसे गोद में लेकर एक निजी अस्पताल में गई जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मां की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार की सुबह आरोपी किशोर के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। पीड़िता कक्षा दो की छात्रा है। वह रविवार की दोपहर दो बजे अपने विकलांग ताऊ के साथ घर के बाहर स्थित पान की गुमटी के पास खेल रही थी।
तभी कक्षा नौ का छात्र पड़ोसी किशोर ने बच्ची को कुछ दूर स्थित मोबाइल की दुकान पर बुलाया। किशोर बच्ची को बहला फुसला कर उसे अपने घर ले गया। उस समय उसके घर परिवार के सदस्य मौजूद नहीं थी। आरोप है कि किशोर ने घर ले जाकर कपड़ा से मुंह दबाने के बाद उसके साथ दुराचार किया।