पुलिस की गिरफ्त में किट्टू(नीले टोपी में) और उसका साथी(हरे टीशर्ट में)
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के वाराणसी का कुख्यात इनामी बदमाश को पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। 21 गंभीर आपराधिक मामलों का आरोपी 50 हजार का इनामी रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू उर्फ बाबू और 16 आपराधिक मामलों का आरोपी नारायण यादव उर्फ राज उर्फ राजा के साथ लोहता क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने मंगलवार को बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और लोहता थानाध्यक्ष राकेश सिंह की टीम ने दोनों बदमाशों को लोहता क्षेत्र से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। दोनों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे फायरिंग कर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया।
जुलाई 2015 में एनकाउंटर में मारे गए सनी सिंह के गिरोह का संचालन मौजूदा समय मे किट्टू कर रहा था। बीते साल दशाश्वमेध क्षेत्र में इनामी बदमाश रईस बनारसी और राकेश अग्रहरि की हत्या के मामले में किट्टू वांछित था। मौजूदा समय में किट्टू ने शहर के कई व्यापारियों से रंगदारी मांगी थी और क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही थी।
किट्टू और नारायण बड़ी पियरी के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच और लोहता पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों बदमाशों के पास से एक देसी पिस्टल, तमंचा, छह कारतूस, लूटी गई बाइक और दो मोबाइल बरामद किया है।