सोशल मीडिया पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अमर्यादित पोस्ट करने के आरोपी चंदौली जिले के राजू यदुवंशी के खिलाफ सदर कोतवाली में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस मामले की जांच और आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है। उसके फेसबुक आईडी की जांच साइबर सेल कर रही है।
कुछ दिन पहले राजू यदुवंशी नाम से फेसबुक पर बनी आईडी से सीएम योगी के खिलाफ पोस्ट डाली गई थी। इसके साथ ही एक आपत्तिजनक फोटो भी लगाई गई थी। सोशल मीडिया में पोस्ट वायरल होने पर एसपी संतोष सिंह ने मामले को संज्ञान में लिया।
एसपी के आदेश पर प्रभारी मीडिया सेल महेंद्र कुमार पांडेय ने सदर कोतवाली में राजू यदुवंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही, साइबर सेल युवक की आईडी को खंगाल रहा है। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया में सीएम के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी और आपत्तिजनक फोटो पोस्ट करने वाले पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।