पाकबड़ा में चेयरमैन प्रत्याशी रह चुके नरेश सक्सेना पर दो सगी नाबालिग बहनों से दुष्कर्म करने का आरोप है। एक किशोरी गर्भवती हो गई है। उसने एसएसपी से शिकायत की तो आरोपी के खिलाफ महिला थाने में शुक्रवार रात रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ठाकुरद्वारा में भी किशोरी ने अपने दोस्त और उसके दो साथियों पर मिलने के बहाने बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस मामले में भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक पाकबड़ा में रहने वाले करीब 62 वर्षीय नरेश सक्सेना पर आरोप है कि उसने थानाक्षेत्र में ही रहने वाली दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म किया है। इनमें से छोटी बहन (14) नौंवी कक्षा की छात्रा है। छात्रा ने पुलिस को बताया है कि डेढ़ साल से आरोपी उसके साथ और तीन साल से उसकी बड़ी बहन (16) के साथ गलत हरकत कर रहा है। पीड़ित छात्रा गर्भवती हो गई है।
दूसरी घटना ठाकुरद्वारा इलाके की है, यहां रहने वाली किशोरी (14) ने बताया कि आठ अगस्त को उसके पास दोस्त मोहसिन ने फोन किया और मिलने के लिए गांव के बाहर बुलाया। वहां पर उसके दो साथी मिले जो कि उसे बाइक पर बैठाकर मोहसिन से मिलवाने के बहाने जसपुर ले गए। आरोप है कि जसपुर में किशोरी को बंधक बनाकर रखा गया और उससे तीनों आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है।
शुक्रवार को किशोरी को आरोपियों ने बंधन मुक्त किया तो उसने आपबीती बताई। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि पाकबड़ा में दो सगी बहनों से दुष्कर्म के आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। ठाकुरद्वारा में किशोरी के दोस्त को पुलिस ने पकड़ा है।