गोपीगंज नगर पालिका अध्यक्ष और कालीन व्यवसायी प्रहलाद दास गुप्ता के पुत्र बृजेश मंगलवार की शाम को रथयात्रा चौराहे के समीप उचक्कों के शिकार हो गए। उचक्कों ने गाड़ी से मोबाइल गिरने की बात कहकर ड्राइवर का ध्यान बंटाया और रुपयों से भरा बैग लेकर भाग खड़े हुए।
घटना की जानकारी सिगरा पुलिस को दी गई है। उचक्कों का सुराग नहीं लग सका है। ऐसे ही सुंदरपुर निवासी एक एसयूवी चालक के साथ भी उचक्कागीरी की गई।
गोपीगंज नगर पालिका अध्यक्ष का बेटा बृजेश जरूरी काम से मंगलवार को वाराणसी आया हुआ था। शाम को वापस लौटते समय रथयात्रा चौराहे के समीप कुछ खरीदारी करने लगा। गाड़ी में ड्राइवर बैठा था और उसी में 5.10 लाख रुपयों का भरा बैग भी रखा था।
इसी दौरान बाइक सवार दो लोग आए और ड्राइवर से बोले कि गाड़ी से मोबिल गिर रहा है। यह सुनकर ड्राइवर नीचे उतरा और गाड़ी के नीचे झांककर देखा तो सब ठीक था। वह वापस गाड़ी में आया तो उसमें रखा बैग गायब था।
ड्राइवर ने शोर मचाया तो बृजेश और आसपास मौजूद लोग भागकर मौके पर आए लेकिन तब तक बैग उड़ाने वाले रफूचक्कर हो चुके थे। बृजेश ने घटना की पुलिस को सूचना दी।
उधर, चेतगंज थाना अंतर्गत काशी अनाथालय के समीप सुंदरपुर निवासी परमानंद चतुर्वेदी की एसयूवी के चालक को झांसा देकर उचक्के 81 हजार रुपये, टैबलेट, पासपोर्ट, एटीएम सहित कई अन्य जरूरी कागजात ले उड़े।
घटना के संबंध में चेतगंज पुलिस को जानकारी दी गई है। परमानंद चतुर्वेदी काशी अनाथालय के समीप स्थित बिजली सामान की दूकान पर कुछ खरीद रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनकी एसयूवी के समीप आए और चालक से बोले कि गाड़ी से मोबिल गिर रहा है।
चालक बोनट खोलकर गाड़ी चेक करने लगा तो इसी दौरान उचक्कों ने पिछला दरवाजा खोलकर उसमें मौजूद बैग उड़ा दिया।