चेतगंज के चउरछटवा इलाके में बुधवार की रात गेस्ट हाउस संचालक सुजीत कुमार घोष और पार्षद अरशद खान उर्फ विक्की को गोली मारने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की सुबह बदमाश बल्लू सेठ और दीपक पंडित को बेनियाबाग तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उन्होंने चौक क्षेत्र के कुख्यात अपराधी बड़े मिर्जा के कहने पर विक्की को गोली मारी थी। उनका निशाना विक्की ही था लेकिन गोली सुजीत को भी लग गई।
तीन शूटरों ने घटना को अंजाम दिया था। इसके लिए उन्हें पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। इस पूरे मामले का खुलासा एसएसपी आकाश कुलहरि ने शुक्रवार को पुलिस लाइन के संगोष्ठी सदन में प्रेस कांफ्रेंस कर किया।
कबीरचौरा निवासी बल्लू सेठ और कतुआपुरा निवासी दीपक पंडित ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि चौक निवासी बड़े मिर्जा और विक्की के बीच अरसे से दालमंडी में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
करीब छह महीने पूर्व बडे़े मिर्जा ने विक्क ी की हत्या करने के लिए बबलू सेठ, दीपक पंडित, शेरू, सलमान और अमन से संपर्क किया था। हत्या के बदले दूकान और मकान के लिए पांच लाख रुपये मिलने थे।
इसके बाद से वे मौके की तलाश कर रहे थे। तीन फरवरी की रात पता चला कि विक्की किसी के जनाजे में शामिल होने जा रहा है। शेरू ने विक्की का पीछा किया।
जनाजे से लौटते समय चउरछटवा इलाके में शेरू के इशारे पर बबलू, सलमान और अमन ने वंदना होटल के पास विक्की पर गोली चला दी। करीब दस राउंड फायरिंग की गई।
गोली विक्की के अलावा उनके साथ चल रहे सुजीत को भी लग गई। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले में चौक निवासी बडे़ मिर्जा, अमन, सलमान और शेरू की तलाश कर रही है।
बड़े मिर्जा के खिलाफ चौक समेत अन्य थानों में लूट, हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। बल्लू और दीपक को गिरफ्तार करने वाली टीम में क्राइम ब्रांच के एसपी सिंह, अतुल नारायण सिंह, राजीव रंजन उपाध्याय, राजीव सिंह, इंस्पेक्टर चेतगंज मुईन अहमद, दिनेश सिंह आदि शामिल थे।