वाराणसी के चांदपुर मुस्तफाबाद गांव में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी कोे गड़ासे से काट डाला और शव को टुकड़े-टुकड़े कर घर के समीप ही जंगल में फेंक दिया। बुधवार को जानकारी होने पर पुलिस ने महिला के शव के अलग-अलग हिस्से एकत्र कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
चैबेपुर थाना अंतर्गत चांदपुर मुस्तफाबाद निवासी राजेंद्र सोनकर उर्फ गुड्डन की पत्नी आशा देवी (45) बीती 10 दिसंबर को अचानक गायब हो गई थी। 11 दिसंबर को आशा देवी को खोजने के लिए पति राजेंद्र निकला और फिर उसका भी पता नहीं लगा। 13 दिसंबर को आशा देवी के भाई और भतीजोें ने चैबेपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
बुधवार को राजेंद्र के गांव के बाहर जंगल में आशा देवी के शरीर के अलग-अलग हिस्से मिले। ग्रामीणों की सूचना पर चैबेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आशा देवी के शव के अलग-अलग टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दो माह पहले भी किया था हत्या का प्रयास
राजेंद्र और आशा की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। दोनों की 30 साल पहले शादी हुई थी। राजेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी के कई लोगों से अवैध संबंध थे। उसने कई बार पत्नी को समझाया भी था कि वह सही से रहे लेकिन वह उसकी बात पर ध्यान ही नहीं देती थी। इससे आजिज आकर उसने दो महीने पहले भी पत्नी की हत्या का प्रयास किया था लेकिन सफल नहीं हो पाया था।