जौनपुर जिले के बिझवट गांव में आपसी विवाद के बाद 67 वर्षीय दादी ने 22 वर्षीय पोती पर चाकू से हमला कर दिया। लोग उसे जबतक अस्पताल ले जाते इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के बिझवट गांव निवासी मयाशंकर सिंह की पत्नी जड़ावती सिंह (67) अपने बड़े बेटे ओमप्रकाश सिंह की पुत्री ऱश्मि सिंह (22) के साथ रहती थी। रश्मि के माता पिता मुंबई में रहते हैं।
गांव वालों के मुताबिक, पिछले दो दिन से किसी बात को लेकर दादी और पोती के बीच विवाद हो रहा था। सोमवार को सुबह करीब दस बजे भी दोनों मे कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान दादी और पोती में मारपीट हो गई। गांव के लोगों का कहना है कि दादी ने पोती पर चाकू से हमला कर दिया।
ताबड़तोड़ उसके सीने में चाकू से कई वार किए जिससे रश्मि लहूलुहान होकर जमीन पर गिर कर तड़पने लगी। किसी ने 100 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर रश्मि के दादा मयाशंकर सिंह प्राइवेट बोलेरो से लेकर उसे महराजगंज के निजी चिकित्सक के पास पहुंचे जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मारपीट का कारण साफ नहीं हो सका है। रश्मि सर जेपी महाविद्यालय महराजगंज में स्नातक की छात्रा थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
सीओ बदलापुर उमाशंकर सिंह का कहना है कि चाकू से हमला करने वाली वृद्ध महिला की मानसिक दशा ठीक नहीं है। परिवार वाले अगर तहरीर देंगे तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।