इसी बीच सोमवार को शाम करीब तीन बजे दूसरे पक्ष के सुभाष हरिजन का 25 वर्षीय पुत्र विकास गांव के समीप रसैना गांव गया था। आरोप है कि वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
विकास के घायल होने की सूचना मिलने पर उसके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। परिजन और ग्रामीण उसे साथ लेकर उमरिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। इससे हाईवे की एक लेन पर आवागमन ठप हो गया। सूचना पर पड़री पुलिस के साथ चुनार, अदलहाट और शहर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
करीब एक घंटे तक एक लेन पर यातायात बाधित रहने से राहगीरों को परेशानी हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए उमरिया गांव में चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।