सुबह के 10 बज रहे थे। अज्ञात नंबर से फोन आता है। हेलो...हेलो । मैं एटीएम नवीनीकरण सर्विस से बोल रहा हूं। आपका खाता किस बैंक में है ? कृपया अपना एटीएम नंबर और पिन नंबर बताएं। इस तरह के फोन कॉल आपको भी आएं तो सतर्क रहें। किसी को भी अपना एटीएम नंबर और पिन कभी नहीं बताएं।
एक तरफ केंद्र सरकार जहां कैशलेस ट्रांजिक्शन को बढ़ावा देने के लिए अभियान चला रही है, वहीं इसे देखते हुए साइबर ठगों का गिरोह भी सक्रिय हो गया है। ये ठग कभी एटीएम कार्ड के रिनुवल के लिए तो कभी ब्लॉक होने की झूठी सूचना देकर ग्राहकों से उनके पिन नंबर या कार्ड नंबर हासिल कर रहे हैं।
एटीएम पिन मिलते ही ये ठग ऑनलाइन शापिंग कर या सीधे ग्राहक के खाते से पैसे उड़ा दे रहे हैं।इन ठगों के शिकार वे लोग ज्यादा हो रहे हैं जो गांवों में रहते हैं या अभी भी तकनीकी रुप से शिक्षित नहीं हैं।
कई ठग तो एटीएम कार्ड के क्लोन बनाकर, उससे शॉपिंग कर ले रहे हैं। ऐसे भी कई मामले सामने आये हैं जब ग्राहकों के खाते से पैसे निकल गए और उन्हें पता भी नहीं चल पाया। इन मामलों में पुलिस भी कुछ खास नहीं कर पाती है।
असल में ऑनलाइन ठगी करने वालों को ट्रेस करना आसान नहीं होता है। बदमाश आमतौर पर फर्जी सिम और मोबाइल का उपयोग करते हैं। उसके बाद फोन लगाकर खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए एटीएम की जानकारी लेते हैं और ऑनलाइन ही शापिंग कर पैमेंट कर देते हैं।