चंदौली जिले में निर्माण खंड जल निगम के खाते से मई माह में 4 फर्जी चेकों के जरिए 30 लाख रुपये निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स की चंदौली शाखा की है।
एक्सईएन ने बैंक मैनेजर से शिकायत करने के बाद गुरुवार को चंदौली कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड कार्यालय मुगलसराय का बैंक एकाउंट ओरिएंटल बैंक ऑफ़ कॉमर्स की चंदौली शाखा में है।
अधिशासी अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने पांच जून को विभाग के बैंक एकाउंट का स्टेटमेंट निकलवाया था। छह जून को विभागीय लेखाकार ने बैंक में हुए लेनदेन का मिलान किया तो 30 लाख 47 हजार 972 रुपये की गड़बड़ी सामने आई।
पता चला की चेक संख्या 70374, 67873, 67874, 67875 से क्रमश: 792284, 735816, 764382 और 755490 रुपये मई माह की विभिन्न तिथियों में रमेश सिंह नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं।
शक होने पर चेक बुक का मिलान किया तो उपरोक्त सभी चेक, चेक बुक में ही बिना भरे लगे मिले। यहां तक की चेक संख्या 70374 को किसी कारणवश विभाग ने कैंसिल कर दिया था, वह भी उसी में मौजूद मिला।
गड़बड़ी सामने आने पर एक्सईएन ने मामले की जानकारी बैंक मैनेजर को देने के बाद गुरुवार को चंदौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया। चंदौली कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।
इस संबंध में बैंक के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी भूल किस प्रकार और कहां से हुई है।