आजमगढ़ के एक गांव में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। एक युवक को प्रेम करने की सजा मौत के रूप में मिली है। गलती उसकी सिर्फ इतनी थी कि वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया था। घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
शनिवार रात करीब 11 बजे वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था तभी उसे लड़की के घर वालों ने पकड़ लिया। युवक को पकड़ने के बाद उसके हाथ-पैर बांध कर नीम के पेड़ से लटका दिया, फिर लाठी-डंडे से पीटकर उसकी जान ले ली।
सूचना मिलने पर यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बाबा ने ग्राम प्रधान सहित पांच लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भेड़िया गांव निवासी ऋषिकांत यादव (23) सुल्तानपुर जिले के एक कालेज में बीएससी फाइनल ईयर का छात्र था। ऋषिकांत का अपने पड़ोस के गांव की बीए सेकेंड ईयर दो में पढ़ने वाली युवती से प्रेम संबंध था। इस मुद्दे पर कई बार पंचायत और मारपीट भी हो चुकी थी।
ऋषिकांत के पिता मुंबई में रहते हैं। ऋषिकांत घर पर मां, भाई, बहन और दादा रामअवध यादव के साथ रहता था। रामअवध के मुताबिक शनिवार की शाम सात बजे के करीब गांव के दिनेश यादव और लालमन यादव ऋषिकांत के घर पहुंचे और उसे साथ लेकर युवती के गांव में दुर्गा पूजा पंडाल बनाने चले गए।
रात करीब दस बजे और सभी अपने घर चले गए, जबकि ऋषिकांत प्रेमिका से मिलने उसके घर चला गया। जहां युवती के घरवालों ने ऋषिकांत को पकड़ लिया। इसके बाद ऋषिकांत के हाथ, पैर बांधकर दरवाजे के सामने नीम के पेड़ से लटका दिया। फिर लाठी-डंडे से बुरी तरह पीटा।
पुलिस ऋषिकांत को लेकर जिला अस्पताल पहुंची तो डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात है।
सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि ऋषिकांत के बाबा रामअवध की तहरीर पर दिनेश यादव, लालमन यादव, रामलोचन यादव, रामदेव यादव और ग्राम प्रधान विजय यादव के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।