काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बवाल रुकने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को हुई घटना को लेकर ही छात्र एक बार फिर आमने सामने आ गए। शनिवार को भी परिसर हंगामे और बवाल के चलते अशांत रहा। दोपहर दो बजे के करीब एमए सोशल साइंस के कुछ छात्र कला संकाय के भारतेंदु हास्टल में घुस गए और वहां छात्रों को धमकी थी।
आरोप है कि उन्होंने एक छात्र को असलहा सटाकर धमकी भी दी। सभी हॉकी डंडे लिए हुए थे। इस घटना के विरोध में कला संकाय के छात्र सिंह द्वार बंद कर धरने पर बैठ गए। उधर सिंह द्वार पर बैठे छात्रों के खिलाफ मोर्चा खोलते राजा राम मोहन रॉय के छात्र बिरला सी चौराहे पर धरने पर बैठ गए।
बाद में चीफ प्राक्टर प्रो. ओएन सिंह के आश्वासन पर दोनों तरफ का धरना खत्म कराया गया। शुक्रवार को सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। सामाजिक विज्ञान संकाय, हिंदी भवन से लेकर मैत्री जलपान गृह तक छात्रों ने जमकर बवाल और हंगामा हुआ था।
इस बीच सीनियर छात्रों के बीच से ही हवाई फायरिंग भी गई थी। दोनों छात्र गुटों की तरफ से लंका थाने में तहरीर दी गई थी और मुकदमा दर्ज हुआ था। थाने में मुकदमा दर्ज होने के विरोध में ही शनिवार की दोपहर करीब दो बजे सीनियर छात्र भारतेंदु हास्टल पहुंच गए और मुकदमा वापस लेने की धमकी के साथ ही वहां जमकर हंगामा किया।
असलहा सटाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी
bhu students
- फोटो : अमर उजाला
हास्टल के छात्रों का आरोप है कि एमए सोशल साइंस के करीब दस से अधिक छात्र हास्टल आए थे। असलहे के साथ ही सभी हॉकी और डंडे से लैस थे। एक ने बीए थर्ड ईयर के छात्र श्याम मिश्रा पर असलहा सटाकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इस दौरान फायरिंग की भी अफवाह उड़ी। हास्टल में घुसकर डराने और धमकाने की हुई इस घटना के विरोध में कला संकाय के छात्र एकजुट हो सिंह द्वार बंद कर धरने पर बैठ गए। शुक्रवार को परिसर में फायरिंग करने वाले छात्र की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
करीब एक घंटे तक उन्होंने सिंह द्वार बंद रखा। उधर सामाजिक विज्ञान संकाय के सीनियर छात्र भी बिरला सी चौराहे पर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि भारतेंदु हास्टल में सभी निष्कासित छात्र रह रहे हैं।
उन्होंने चीफ प्राक्टर से उन पर कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर पहुंचे एसीएम द्वितीय नागेंद्र व सीओ भेलूपुर राजेश श्रीवास्तव ने छात्रों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
चीफ प्राक्टर प्रो. ओएन सिंह का कहना है कि दोनों तरफ से आरोप लगाए जा रहे हैं। अनाधिकृत रूप से दोनों हास्टल में कुछ अराजक तत्व रह रहे हैं, जो कि बवाल का कारण बन रहे हैं। प्राक्टोरियल बोर्ड की ओर से सभी हास्टलों में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और अराजक तत्वाें पर कार्रवाई की जाएगी।