पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर चोरी की करीब आठ बाइक की बरामदगी के बाद कोतवाली पुलिस की खुशियां मंगलवार को सुबह उस वक्त काफूर हो गई जब थाने में बैठाया गया बदमाश मय हथकड़ी के साथ फरार हो गया।
चोर को पकड़ने के के लिए उसके पीछे दौड़ रहा पुलिस का एक जवान गिरकर घायल हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की लीपा-पोती में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज चौकी क्षेत्र का निवासी युवक बाइक चोरों का सरगना है।
आए दिन हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने बाइक चोर को पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंपा था।
पुलिस ने युवक की निशानदेही पर आठ बाइक बरामद की थी। पुलिस पूरे मामले का पर्दाफाश करने के लिए चोर को लेकर जिला मुख्यालय जाने की तैयारी कर रही थी। युवक को हथकड़ी लगाकर लाकअप के बाहर थाने में बैठा दिया गया।
सुबह के वक्त पुलिस के लोग अपनी दिनचर्या पूरी करने में जुटे रहे। मौका पाकर चोर थाने से भाग खड़ा हुआ। चोर को पकड़ने ड्यूटी पर तैनात मुंशी, पहरा आदि पीछे दौड़े लेकिन चोर मय हथकड़ी के फरार हो गया।
पीछे दौड़ रहा एक सिपाही गिरकर घायल हो गया। चोर के भागने की खबर से थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस अब पूरे मामले में लीपापोती करने में जुट गई है।