चौबेपुर। मंगरहुआ गांव में मारपीट में घायल धर्मेंद्र राजभर (25) की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को मुनारी-सारनाथ मार्ग और बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर जाम लगा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस और प्रशासन विरोधी नारेबाजी भी की गई। सूचना पर थानाध्यक्ष चौबेपुर मौके पर पहुंचे और सभी को समझाबुझाकर शांत कराया। मामले को लेकर चौबेपुर थाने में धर्मेंद्र के पिता नान्हू राजभर की तहरीर पर चौबेपुर थाना में 14 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में छह को गिरफ्तारी किया है।
चौबेपुर थाना अंतर्गत मंगरहुआ गांव में रविवार को बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बीचबचाव कर धर्मेंद्र ने मामला शांत करा दिया था। बताया जाता है कि इसे लेकर शराब के नशे में धुत होकर 14-15 लोग धर्मेंद्र के घर पहुंचे और लाठी-डंडे से मारपीट के साथ ही पथराव किया। मारपीट में धर्मेंद्र और उसके घर के जितेंद्र, गौरव, पुनवासी और पूजा घायल हो गए। सभी को दीनदयाल अस्पताल लाया गया जहां उपचार के दौरान देर रात धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि दो लड़कियों और एक लड़के का पिता धर्मेंद्र घर के सामने सारनाथ मार्ग पर मुर्गा बेचता था। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को धर्मेंद्र की पत्नी उर्मिला को लेकर दो जगह जाम लगाया और इसके चलते लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चौबेपुर ने बताया कि गुड्डू, मोनू, सनी, संजय, संतोष, विनोद, विजय, चंदन, पकौड़ी गुप्ता, खेतालू, निरहू, रामनाथ, कपूर सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ पिंडरा सुरेंद्र ने धर्मेंद्र के घर जाकर उसकी पत्नी को आश्वस्त किया कि आरोपियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।