मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर हाल में प्रदेश के अंदर कानून का राज होगा। प्रदेश के अंदर वही रह पाएगा जो कानून पर विश्वास करेगा। यदि कहीं पर पुलिस ने भी कानून को हाथ में लेने का प्रयास किया तो उनको भी अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा।
सीएम योगी निकाय चुनाव के तहत जौनपुर के टीडी कालेज में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस की सरकार में कोई विकास कार्य नहीं किया गया। इन सरकारों ने यहां की जिंदगी को नर्क बना दिया।
योगी ने कहा कि प्रदेश में जब भी सपा और बसपा सत्ता में काबिज होती है तब माफिया राज और गुंडाराज का बोलबाला रहता है। शाहगंज की चीनी मिल को बसपा सरकार ने औने पौने दाम पर बेच दिया था।
जिन लोगों ने चीनी मिलों को खरीदा है उनसे बीजेपी सरकार इन चीनी मिलों को अपने हाथों में लेगी और इन लोगों पर कार्रवाई करेगी। हर हाल में प्रदेश से भ्रष्टाचार से मुक्त होगा और जिसने भी भ्रष्टाचार फैलाने का प्रयास किया उसकी संपत्ति जप्त की जाएगी और उसे जेल भेजा जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पटरी कारोबारियों के लिए प्रदेश सरकार फेरी नीति लागू करेगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया जाएगा और साथ ही साथ हर गरीब को छत भी उपलब्ध होगी।
प्रधानमंत्री जी ने तय किया है 2022 तक इस देश के अंदर कोई गरीब ऐसा नहीं बचेगा जिसके पास सर ढकने के लिए छत न हो। हमने बिना भेदभाव किए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने का प्रयास किया है हमने पात्रों का राशन कार्ड दिया। सीएम ने कहा कि इन सभी सुधारों के लिए नगर निकायों में भारतीय जनता पार्टी का होना बहुत जरूरी है।