आईएमएस बीएचयू में आयुर्वेद संकाय के रिटायर्ड प्रोफेसर की सोमवार को मौत हो गई। 80 वर्षीय प्रोफेसर की कोरोना रिपोर्ट 15 मई को पॉजिटिव आने के बाद से बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएमओ डॉ.वीबी सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना से यह चौथी मौत है।
कोरोना संक्रमित आईएमएस बीएचयू आयुर्वेद संकाय के रिटायर्ड प्रोफेसर का सोमवार की देर शाम हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते बेटे ने पीपीई किट पहनकर अंतिम संस्कार किया। शिवाला निवासी प्रोफेसर का 15 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से बीएचयू सुपर स्पेशलिटी कांप्लेक्स में इलाज चल रहा था।
बुजुर्ग प्रोफेसर की मौत से सोमवार को उनके मोहल्ले शिवाला के साथ ही भदैनी, अस्सी और आसपास के इलाके के लोग सहमे नजर आए। इस बीच सोशल मीडिया पर देर रात तक दिवंगत प्रोफेसर को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी रहा।