जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने विद्यालय और छात्रों को भी चेतावनी दी है कि जो विद्यालय अपने विद्यार्थियों को 100 फीसदी टीका लगवाने में 16 जनवरी शाम तक असमर्थ रहेंगे, उनको और उनके बच्चों को बोर्ड परीक्षा से डीबार किया जाएगा।
कुछ बच्चे जिनके स्कूल में नाम तो दर्ज हैं पर स्कूल के बुलाने पर स्कूल नहीं जाते उनके नाम काटने पर भी विचार किया जा रहा है। इसमें लापरवाही पर प्रधानाचार्य और कक्षा अध्यापकों पर भी विभागीय कार्यवाही और जनवरी का वेतन रोकने की तैयारी की जा रही है।
पढ़ेंः वाराणसी में 210 महिलाओं समेत मिले 666 नए संक्रमित, 3662 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होने के साथ ही प्रशासन ने टीकाकरण अभियान में शामिल नहीं हो रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की योजना तैयार कर ली है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कोरोना टीके की दोनों डोज नहीं लेने वाले लोगों को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से मिलने वाले राशन पर रोक लगाने की चेतावनी जारी की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वाराणसी में पहला कोविड का टीका लगवा चुके लोगों में से टीके की दूसरी डोज की तिथि लगभग तीन लाख 50 हजार लोगों की ड्यू हो गई है। इनको शामिल करते हुए लगभग 10 लाख लोगों ने दूसरा टीका नहीं लगवाया है। कोविड कि तीसरी लहर तेजी से फैल रही है फिर भी ऐसे लोग टीके के प्रति गंभीर नहीं है।
ऐसे में यह फीडबैक आया है कि शायद कुछ लोग वाराणसी से बाहर चले गए हों। ऐसे लोगों को राशन जारी करना जनहित में ठीक नहीं है। ऐसे में सभी राशन के कोटेदारों को निर्देश जारी करने पर विचार किया जा रहा है कि सभी कार्ड होल्डर परिवार के सदस्यों के दोनों टीकों के सर्टिफिकेट लेना शुरू करें और जो लोग दोनों टीकों के प्रमाणपत्र न दिखा पाएं उनका राशन न बाटें।
पढ़ें: बीएचयू अस्पताल: एमएस के इस्तीफे की मांग अधूरी, सात दिन बाद काम पर लौटे नर्सिंग ऑफिसर