वाराणसी डीएम कौशल राज शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने विद्यालय और छात्रों को भी चेतावनी दी है कि जो विद्यालय अपने विद्यार्थियों को 100 फीसदी टीका लगवाने में 16 जनवरी शाम तक असमर्थ रहेंगे, उनको और उनके बच्चों को बोर्ड परीक्षा से डीबार किया जाएगा।
कुछ बच्चे जिनके स्कूल में नाम तो दर्ज हैं पर स्कूल के बुलाने पर स्कूल नहीं जाते उनके नाम काटने पर भी विचार किया जा रहा है। इसमें लापरवाही पर प्रधानाचार्य और कक्षा अध्यापकों पर भी विभागीय कार्यवाही और जनवरी का वेतन रोकने की तैयारी की जा रही है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बैक पेपर की परीक्षाएं कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित कराई जाएंगी। 18 जनवरी से स्नातक की बैक पेपर व श्रेणी सुधार की परीक्षाएं विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में आयोजित कराई जाएंगी। परीक्षार्थियों को बिना मास्क और थर्मल स्क्रीनिंग के बिना परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
विद्यापीठ एवं संबद्ध महाविद्यालयों में बैक पेपर और श्रेणी सुधार की परीक्षाएं 18 से 28 जनवरी तक चलेंगी। समय सारिणी को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही और सोनभद्र के संबद्ध 343 महाविद्यालय के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।