मां कूष्मांडा के दरबार में प्रियंका
- फोटो : अमर उजाला
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सौ रुपए का पेट्रोल, 90 रुपए डीजल, एक हजार का सिलेंडर मिल रहा है। बेरोजगारी चरम पर है। जनता दुखी और त्रस्त है। आप इन परेशानियों से गुजर रहे हैं संघर्ष कर रहे हैं वहीं पीएम के खरबपति मित्र रोजाना हजारों करोड़ कमा रहे हैं। कोरोना काल में रोजगार बंद हुआ लेकिन सरकार ने राहत नहीं दी।
देश के हवाई अड्डे, रेलवे अपने मित्रों को सौंप दिए। पीएम ने अपने लिए दो हवाई जहाज खरीदे। एक हवाई जहाज आठ हजार करोड़ का और अपने दोस्त को फायदा पहुंचाने के लिए देश की एयर इंडिया को 18 हजार करोड़ में बेच दिया।
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि इतने दिनों में अबतक 600 किसानों की मौत हुई। अभी भी आंदोलन जारी है क्योंकि किसानों को पता है कि हमारे फसल की कीमत उचित नहीं मिलेगी। उन्हें पता है कि कृषि कानूनों से सबकुछ पूंजीपतियों के हाथ में चला जायेगा। पीएम मोदी जी ने आंदोलन कर रहे किसानों को आंदोलनजीवी और आतंकी कहा।
इतना ही नहीं, यूपी के सीएम योगी ने किसानों को उपद्रवी कहा। कांग्रेस नेता ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव जो मनाया जा रहा है वो आजादी हमें किसानों ने दिया है। किसान के बेटों ने दिया है। कहा कि सरकार में न दलित सुरक्षित हैं, न अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं, न महिला सुरक्षित हैं, न नौजवान सुरक्षित हैं। इस देश में केवल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उनसे जुड़े लोग और उनके खरबपति मित्र सुरक्षित हैं।
किसानों के आंसू पोछने गई तो रोका गया- प्रियंका
लखीमपुर खीरी की घटना पर प्रियंका गांधी ने कहा कि उन किसानों के आंसू पोंछने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नहीं गए। मैंने वहां जाने की कोशिश की तो रोका गया। हर तरफ पुलिस की घेराबंदी थी। लेकिन अपराधी को पकड़ने के लिए कोई नहीं निकला। प्रियंका ने तंज कसा कि यूपी पुलिस ने अपराधी को निमंत्रण भेजा बात करने के लिए क्या किसी देश में ऐसा देखा है कि किसी अपराधी को पुलिस निमंत्रण दे। प्रियंका ने कहा कि गृह राज्यमंत्री का इस्तीफा होना चाहिए।