मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवाद से देश का भला होने वाला नहीं है। रामराज्य स्थापित होने से ही देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में समाज के सबसे निचले पायदान वाले व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने लगा है। गैर भाजपा दलों की सरकार में ऐसा नहीं होता था। वह गुरुवार को जौनपुर जिले के टीडी कालेज में पूर्व मंत्री उमानाथ सिंह की 24 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सपा सरकार ने अपने कार्यकाल के आखिरी ढाई साल में प्रदेश में 25 लाख शौचालय बनवाए थे। जबकि उनकी सरकार ने 15 महीने में एक करोड़ 25 लाख शौचालयों का निर्माण करा दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को कामयाब बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पिछले बीस साल का रिकार्ड है कि गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में अगस्त महीने में 400 से 500 मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित मरीज आते थे, जिसमें से करीब 100 की मौत हो जाती थी।
लेकिन इस साल अगस्त में सिर्फ 80 मरीज आए और सिर्फ छह की मौत हुई है। साफ सफाई की व्यवस्था ठीक होने से ही ऐसे मरीजों में कमी आई है। मुख्यमंत्री ने जौनपुर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज उमानाथ सिंह के नाम से करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना कनेक्शन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण आदि योजनाओं का लाभ गरीबों को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। सरकार की इन योजनाओं के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय का सपना साकार हो रहा है। सरकार की योजना है कि वर्ष 2022 तक प्रदेश में कोई भी ऐसा गरीब नहीं होगा, जिसके पास रहने के लिए पक्की छत न हो।
उन्होंने कहा कि देश में पांच करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस का कनेक्शन दिया गया है। जिसमें उत्तर प्रदेश में 87 लाख परिवारों को इस योजना के तहत गैस सिलिंडर और चूल्हा दिया गया है। 12 लाख लोगों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। इन आंकड़ों को पिछली सरकारों से तुलना की जानी चाहिए।
जो गरीबी हटाने के नाम पर समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करते रहे हैं। समारोह को कैबिनेट मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी, राज्य मंत्री गिरीश यादव, सांसद केपी सिंह, सांसद रामचरित्र निषाद ने भी संबोधित किया।