वाराणसी में शुक्रवार को सेवापुरी विकासखंड के हाथी बाजार सीएचसी का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने गोद लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार का दौरा किया। सीएम के दौरे के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह है कि पीएचसी में आधुनिक मेडिकल सुविधाएं बढ़ेगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सर्व सुविधायुक्त बनाने की कार्ययोजना सीएम को दिखाई।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 4:50 बजे सेवापुरी विकासखंड के हाथी बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सीएम के पहुंचते ही पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। सीएम सबसे पहले वैक्सीनेशन रूम में पहुंचे। वहां पर स्वास्थ्य कर्मी एएनएम सुनीता कुमारी व पूनम गुप्ता से वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री कोविड वार्ड,लेबर रूम, ऑब्जर्वेशन कक्ष, टेलीमेडिसिन रूम पहुंचे। वहां पर स्वास्थ्य कर्मी अखिलेश सरोज व सीता पटेल से टेलीमेडिसिन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया।