काशी विश्वनाथ कारिडोर के विकास कार्यों का निरीक्षण कर सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
वाराणसी में पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। उन्होंने सुशासन दिवस पर 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संवाद में हर मंडल में किसानों का कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंचायत चुनाव से पहले किसानों को नए कृषि कानून के फायदे बताने होेंगे।
किसानों को बरगलाने वालों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ता कृषि कानून पर चर्चा करें। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा बेनियाबाग में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। टाउनहाल के रैनबसेरे का हाल देखकर उन्होंने वहां जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि सुशासन दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के किसानों से वर्चुअल संवाद करेंगे। इस दौरान किसानों के बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि भी भेजेंगे। ऐसे में सभी ब्लाक और मंडल स्तर पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आयोजन कर किसानों को आमंत्रित किया जाए। इससे पहले किसानों की चौपाल करके उन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आमंत्रित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन दिवस पर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं व कामों का प्रचार-प्रसार भी करें। संगठन के कार्यकर्ता घर-घर सरकार के कामों की चर्चा करें और इसके लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ता को सक्रिय किया जाए।