मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कहा कि पिछली सरकारों ने अनुसूचित समाज के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। अगर किया होता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 में स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को लांच नहीं करना पड़ता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की वजह से देश में 10 करोड़ लोगों के घर में शौचालय बना और इससे दुनिया में भारत की तस्वीर बदली। इससे 95 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ी जाति के लोग लाभान्वित हुए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से लोगों के जीवन में अभूतपूर्व सुधार एवं बदलाव आया है। देश में ढाई करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिए गए। उन्होंने बताया कि 2017 में उनकी सरकार बनने पर मिल रही शिकायत के आधार पर फर्जी राशन कार्डों की जांच कराई गई, इसमें 40 लाख लोगों के फर्जी राशन कार्ड बने थे।
पढ़ेंः वाराणसी में भाजपा अनुसूचित मोर्चा की बैठक: जेपी नड्डा बोले- सीएए की मुखालफत करना बाबा साहब का विरोध, कांग्रेस पर साधा
एयरपोर्ट पर सीएम योगी का भव्य स्वागत
इससे स्पष्ट होता है कि वास्तव में इसके लिए पात्र लोगों को लाभ नहीं मिल पाता था। लेकिन उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित कराया कि वास्तव रूप में पात्र कोई भी गरीब व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित समाज की आवाज बने महापुरुषों के स्मृति स्थलों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है ताकि भारत की आने वाली पीढ़ी उनको जान सके और उनके कार्यों से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि काशी के सीर गोवर्धन में रविदास मंदिर के सुंदरीकरण व विकास का कार्य सरकार कर रही है और विपक्ष उसमें भी बाधा डालने का प्रयास कर रहा है। 16वीं सदी के योद्धा महाराजा सुहेलदेव की बहराइच में स्मारक बनवा रहे हैं।
बाबा साहब को सम्मान देने के लिए रद्द किया अवकाश
बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पिछली सरकारों ने छुट्टी घोषित कर रखी थी, लेकिन हमारी सरकार ने उनका सम्मान करते हुए उनकी जयंती के अवसर पर सभी कार्यालयों को खुले रखने का निर्देश दिया और कहा गया कि इस दिन बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर हर जगह कार्यक्रम होना चाहिए। ताकि उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से आज के लोग परिचित हों।