बाल दिवस पर रविवार को स्कूलों के साथ-साथ विभिन्न पार्कों में सामाजिक संस्थाओं की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाल मेले में बच्चों का मन उत्साह से भर गया तो उपहार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशियां छा गईं। स्कूलों में शिक्षकों ने बच्चों के लिए खानपान के स्टॉल लगाए तो कहीं खेलकूद की प्रतियोगिताओं में बच्चों ने हुनर से सबका दिल जीत लिया।
काशी विद्यापीठ के समाजकार्य विभाग की ओर से मलदहिया स्थित मलिन बस्ती के बच्चों संग बाल दिवस मनाया गया। जिसमें बस्ती के बच्चों को डॉ. केके सिंह ने शिक्षा व स्वच्छता के बारे में बताया गया। वहीं, क्रांति फाउंडेशन की ओर से आनंद पार्क में बच्चों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। बच्चों को टॉफी, पेंसिल वितरित किया गया। ट्राई टू फाइट फाउंडेशन की ओर से भारत माता मंदिर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों को प्रेरणादायक लघु फिल्में दिखाई गईं। साथ ही बच्चों के लिए विविध खेलों का आयोजन किया गया।
शिक्षकों ने बच्चों के लिए लगाए फूड स्टॉल
आर्य महिला नागरमल मुरारका मॉडल स्कूल में शिक्षकों ने बच्चों को तरह-तरह के मनोरंजक खेल खिलाए। शिक्षकों ने बच्चों के लिए फूड स्टॉल भी सजाया। जहां उन्होंने लजीज व्यंजनों का आनंद उठाया। इस अवसर पर विद्यालय की सीईओ पूजा दीक्षित, प्रधानाचार्य अंजना दीक्षित, शिल्पा गुजराती आदि मौजूद रहीं।
319 बच्चों को मिला विकास बाल शक्ति सम्मान
परमानंदपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें 319 बच्चों को विकास बाल शक्ति सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
चित्रकला से बच्चों ने मोह लिया मन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बाल दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राजकीय बाल गृह, संप्रेक्षण गृह, डेयर संस्था, वनिता विश्राम, निर्मल शिशु भवन व वन स्टॉप सेंटर पर बच्चों के लिए चित्रकला, नृत्य, भाषण, नाटक आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिविल जज रवि कुमार दिवाकर, उपनिदेशक प्रवीण कुमार त्रिपाठी, निरुपमा सिंह, प्रीति वर्मा आदि मौजूद रहीं।
इंडियन ऑयल ने बच्चों को कराया नौका विहार
इंडियन ऑयल ने काशी अनाथालय के बच्चों को वरुणा घाट से अस्सी घाट तक नौका विहार कराया। इस अवसर पर इंडियन ऑल उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय के कार्यकारी निदेशक उत्तीय भट्टाचार्य, सर्र्र्वज्ञ श्रीवास्तव, हिमांशु द्विवेदी मौजूद रहे।
इनकी ओर से भी हुआ आयोजन
सेवन डेज फाउंडेशन, वुमेन स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी, आइडियल वुमेन वेलफेयर सोसाइटी, मंडल महिला कल्याण संगठन की ओर से भी आयोजन किए गए।