अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के सात फीडरों से जुड़े हुए गांवों में गेहूं की कटाई के कारण दिन में बिजली आपूर्ति नहीं करने का समय एक सप्ताह और बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी उपकेंद्र के जेई इंद्रजीत सिंह ने दी। फसल कटाई के सीजन में किसानों को कोई नुकसान न पहुंचे यह देखते हुए व्यवस्था में बदलाव जारी रखा गया है।
जेई ने बताया कि गेहूं की फसल में अगलगी की घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत निगम की ओर से पिछले 15 दिनों से दिन में ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति बंद कर दी जा रही थी। किसानों की मांग पर कटौती का समय एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में अधिकांश खेतों के ऊपर से बिजली के हाईटेंशन तार गुजरे हैं। अप्रैल में गेहूं की फसल तैयार हो जाती है। तेज हवा चलने पर तारों के आपस में टकराने से शॉर्ट सर्किट का डर रहता है।