Traffic Rule: वाराणसी के प्रमुख चौराहों-तिराहों पर चले इस अभियान से हड़कप का माहौल रहा। पुलिस को देख लोग कुछ दूरी से ही अपनी गाड़ियां भी मोड़ते दिखे। बगैर हेलमेट व लाइसेंस या फिर तीन सवारी चलने वाले दोपहिया वाहन धारकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर वाराणसी में वाहनों की चेकिंग की गई। दिन भर की चेकिंग में बगैर हेलमेट मिले 968 दोपहिया वाहन सवारों का चालान किया गया। वहीं, बगैर नंबर के मिले 277 वाहन सीज कर दिए गए। दिन भर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले 1847 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
अमर उजाला संवाद में 13 अप्रैल को शहर के प्रबुद्धजनों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को सुझाव दिया था कि बगैर हेलमेट व लाइसेंस या फिर तीन सवारी चलने वाले दोपहिया वाहन धारकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। इससे सड़क हादसों में कमी आएगी और नाबालिग दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे। इस सुझाव को पुलिस आयुक्त ने गंभीरता से लिया।
दोपहर 12 से रात 8 बजे तक वाहनों की चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान तीन सवारी वाले 440 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। ब्लैक फिल्म लगाकर चलने वाले और गलत दिशा में चलने वाले 162 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट की नौ सर्किल के एसीपी को निर्देशित किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहे।