सुंदरपुर स्थित मधुवन लॉन के पीछे गली में शुक्रवार सुबह बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने सब्जी लेकर घर लौट रही महिला से चेन छीनकर भाग निकले। पीड़िता की शिकायत पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। आसपास थानों को भी अलर्ट करते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला।
चितईपुर थाना के सुंदरपुर की रहने वाली गीता देवी सुबह नौ बजे सुंदरपुर सब्जी मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रहीं थीं। इसी बीच मधुवन लॉन के पीछे गली में घर की ओर जैसे ही घूमीं कि सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार नकाबपोश युवक नजदीक पहुंचे और आवाज देकर गीता को रोक लिया। जब तक गीता कुछ समझतीं, पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर गले से चेन छीन ली। फिर दोनों चितईपुर की ओर भाग निकले।
घर के पास घटी घटना की जानकारी पीड़िता गीता ने परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों से सूचना पाकर पहुंची सुंदरपुर पुलिस चौकी की पुलिस छानबीन में जुट गई। चेन स्नैचिंग की सूचना मिलने पर मंडुवाडीह, भेलूपुर, लंका और रामनगर थाना क्षेत्र में भी नाकाबंदी करते हुए चेकिंग शुरू हो गई। गीता देवी ने बताया कि चेन की कीमत 60 हजार रुपये थी।