आगामी लोकसभा निर्वाचन को जनपद में सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रभारी अधिकारियों का दायित्व निर्धारित कर दिया गया है। इसके तहत करीब 30 से अधिक अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी एस.राजलिंगम ने जिम्मेदारी दी है।
जिले में लोकसभा चुनाव कराने के लिए मैन पावर का दायित्व कार्मिक प्रभारी के तौर पर सीडीओ संभालेंगे। वह कार्मिक प्रभारी के रूप में मतदान कार्मिक, मतदान-मतगणना कर्मिकों की नियुक्ति सहित संबंधित अन्य व्यवस्था देखेंगे। वह इलेक्शन संबंधी ट्रेनिंग भी कराएंगे। एडीएम सिटी आदर्श आचार संहिता प्रभारी बनाए गए हैं। पोस्टल बैलेट प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व को बनाया गया है। इलेक्शन के लिए निर्वाचन आयोग से तैनात होने वाले प्रेक्षकों और उनके लिए किए जाने वाले जरूरी इंतजामों के प्रभारी एडीएम प्रोटोकॉल हैं।
कंट्रोल रूम एवं शिकायत प्रभारी एडीएम नागरिक आपूर्ति, शांति व्यवस्था प्रभारी एडीएम सिटी, वीडियोग्राफी प्रभारी वाणिज्य कर अधिकारी, यातायात प्रभारी एडीएम नागरिक आपूर्ति, ईवीएम प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व, लेखन सामग्री प्रभारी परियोजना निदेशक डीआरडीए होंगे। वहीं, वोटर लिस्ट प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी, खानपान प्रभारी डीएसओ और व्यय लेखा प्रभारी मुख्य कोषाधिकारी यानि सीटीओ होंगे। सीटीओ चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के निर्वाचन खर्च की जांच के अलावा संबंधित टीमें गठित करेंगे। साथ ही संबंधित सूचनाएं एकत्र कर आयोग को भेजेंगे। इसी प्रकार पेड न्यूज प्रभारी, पेयजल-सफाई व्यवस्था प्रभारी, बूथ एवं रूट चार्ट प्रभारी, मतपत्र प्रभारी, टेंटेज, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था प्रभारी, फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा प्रभारी, ऑनलाइन सूचना प्रेषण प्रभारी, मतदाता जागरूकता यानि स्वीप प्रभारी आदि बनाए गए हैं।
-