अलीगंज के पास कलीचाबाद से प्यारेपुर तक गोमती नदी पर पुल का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए शासन से 29 करोड़ 93 लाख 31 हजार रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी मिल गई है। साथ ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए लोक निर्माण विभाग की तरफ से 743.33 लाख रुपये अवमुक्त कर दिया गया है। इस धनराशि से पुल, पहुंच मार्ग के निर्माण अलावा सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
यह जानकारी राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने बताया कि जौनपुर शहर में जाम की समस्या को देखते हुए इस पुल के निर्माण कई साल से की जा रही थी। भाजपा विधायक और आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चंद यादव ने भी इस पुल के निर्माण के लिए प्रयासरत थे। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से मिल कर मांग की थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने मल्हनी उप चुनाव दौरान एक जनसभा में अलीगंज के पास कलीचाबाद से प्यारेपुर तक गोमती नदी पर पुल निर्माण कराने की घोषणा की थी। साथ ही मुख्यमंत्री ने पुल का नामकरण पूर्व सांसद स्व. राजा यादवेंद्र दत्त दुबे के नाम पर करने की घोषणा की थी। हालांकि कोविड-19 जैसी महामारी के कारण प्रक्त्रिस्या में थोड़ी देरी हुई। अब जाकर इस सेतु निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस पुल के निर्माण से शहर में भीड़ का दबाव कम होगा। बदलापुर, मछलीशहर, मड़ियाहूं की तरफ से पूविवि, राजकीय मेडिकल कालेज या शाहगंज की तरफ जाने वाले लोग शहर के बाहर से ही कुद्दूपुर के रास्ते निकल जाएंगे। इससे जाम की समस्या भी कम हो जाएगी और लोगों का समय भी बचेगा।