किसानों को मूल्य देकर खरीदी है जमीन: विनय
इब्राहिमाबाद पशु मेला क्षेत्र में 25 बीघा जमीन खरीदने वाले सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजे दलकी निवासी विनय कुमार सिंह ने कहा कि मैंने जमीन सही काश्तकारों से वाजिब मूल्य देकर खरीदी है। कहीं से कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। जमीन के मालिक जमीन बेचने वाले हैं कि नहीं है, इसका फैसला कोई जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि न्यायालय व राजस्व विभाग करेगा।
कहा कि मैं स्वयं एमबीए हूं, 2013 में मैने बहुराष्ट्रीय कंपनी की नौकरी छोड़कर अपनी कंपनी बनाई और यहां पर उद्योग लगाने के लिए मैंने काश्तकारों से ये जमीन खरीदी है। विधायक किस कारण सांसद पर आरोप लगा रहे हैं यह मुझे मालूम नहीं है। विनय सिंह ने मेला क्षेत्र में जमीन बेचने वाले किसानों को भी पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया। किसानों ने बताया कि यह हम लोगों की जमीन थी जिसे हम लोगों ने वाजिब मूल्य लेकर विनय सिंह को बेची है।
पशुमेला की भूमि संबंधी मामले की कोई जानकारी नहीं है। अगर गलत तरीके से पशुमेला की भूमि पर नाम दर्ज किया गया है तो शासन-प्रशासन के अधिकारी उसकी जांच करके दोषियों पर कार्रवाई करें।
वीरेंद्र सिंह मस्त, सांसद, बलिया