हुकुलगंज (वार्ड 11) के भाजपा पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने खुद सीवर की सफाई कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सीवर की समस्या है। जलकल विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की ओर से सीवर सफाई में लापरवाही की जा रही है। कई बार शिकायत की गई। बावजूद इसके गलियों और रास्तों के सीवर चैंबरों की सफाई नहीं कराई गई।
इससे आजिज आकर उन्होंने खुद फर्राटी लाकर सीवर सफाई जी। इसकी जानकारी जब अधिकारियों को हुई तो उन्होंने तत्काल मौके पर ठेकेदारों को भेजा। ठेकेदारों ने सफाईकर्मियों को लगाकर सफाई करवाई। पार्षद ने बताया कि चार-पांच कर्मियों के भरोसे एक ही ठेकेदार पूरे वरुणापार की सीवर सफाई करा रहा है। इसके चलते क्षेत्र में समुचित सफाई नहीं हो पा रही है। शिकायत दर्ज कराने के बाद भी सफाई कराने में एक सप्ताह तक का समय लग जाता है।
अर्थशास्त्र विभाग में टैबलेट वितरण शुक्रवार को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और शोधार्थियों को शुक्रवार को टैबलेट वितरण किया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि टैबलेट वितरण विभाग में सुबह नौ बजे से होगा।
विद्यार्थी विश्वविद्यालय की ओर से जारी पहचान पत्र या प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर टैबलेट प्राप्त कर सकते हैं। वहीं दर्शनशास्त्र विभाग में एमए चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं को 30 जुलाई को टैबलेट वितरित किया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि टैबलेट वितरण विभाग में दोपहर दो बजे से किया जाएगा।
योगासन प्रतियोगिता में 170 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप बुधवार को बरियासनपुर स्थित महादेव पीजी कॉलेज में खेली गई। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन की प्रतियोगिता के अलग-अलग आयुवर्ग में 170 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
बालकों के 8 से 10 आयु वर्ग में करन कुमार ने स्वर्ण, ऋषभ सिंह ने रजत और शिवम यादव ने कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग मे निधि मौर्या ने स्वर्ण, मानसी जायसवाल ने रजत और सोनाली सोनकर ने कांस्य पदक जीता। मुख्य अतिथि यूपी सहकारी आवास संघ के अध्यक्ष आरपी कुशवाहा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पीजी कॉलेज के प्रबंधक अजय सिंह, योगासन एसोसिएशन यूपी के सचिव सुनील कुमार, डॉ़ सुनीता मौजूद रहे।
दर्शनशास्त्र विभाग में माइनर की परीक्षा नौ अगस्त को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग में एमए प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं की दर्शनशास्त्र (माइनर) की आंतरिक परीक्षा नौ अगस्त को होगी। विभागाध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा दोपहर 12 बजे से विभाग में होगी। छात्र-छात्राओं को नौ अगस्त तक अपना असाइनमेंट विभाग में जमा करना होगा।
अनाज लेने के लिए ई-केवाईसी जरूरी
राशन कार्डधारकों को अनाज लेने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए सभी कोटे की दुकानदारों को आदेश जारी कर दिया गया है। कोटेदार फोन करके राशन कार्डधारकों को बुलाकर ई-केवाईसी करा रहे हैं। राशन कार्ड पर जितने सदस्यों के नाम हैं।
सभी को अपने अंगूठे के निशान को वेरीफाई कराना है। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि शासन से निर्देश आया है। हालांकि अभी डेडलाइन नहीं आई है। जल्द से जल्द कराने को कहा गया है। सभी कोटे की दुकानों को निर्देश दिए गए हैं।
गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों के सेहत की होगी विशेष निगरानी
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की अब पहले से अधिक निगरानी हो सकेगी। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (बीसीपीएम), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम को प्रशिक्षित किया गया है। ये मास्टर ट्रेनर के तौर पर सभी ब्लॉक पर जाकर वहां के स्टाफ नर्स, सीएचओ, एएनएम, संगिनी, आशाओं और परिवार के लोगों को प्रशिक्षित करेंगे।
मातृ एवं नवजात शिशु देखभाल में परिवार के सभी सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले में जल्द ही परिवार सहभागी देखभाल (एफपीसी) कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसका दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सीएमओ कार्यालय के सभागार में चली।
डिप्टी सीएमओ (आरसीएच) डॉ. एचसी मौर्य के नेतृत्व में प्रशिक्षक संजय वर्मा और प्रभा शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मियों को बताया कि गर्भवती महिला को कम से कम प्रसव पूर्व जांच कराने और प्रसव के बाद देखभाल में परिवार को पूरा सहयोग करना चाहिए। प्रशिक्षण में गृह आधारित नवजात शिशु देखभाल (एचबीएनसी), गृह आधारित बाल देखभाल (एचबीवाईसी), कंगारू मदर केयर (केएमसी) के बारे में बताया गया।
खेसारी लाल यादव ने मार्कंडेय महादेव का किया जलाभिषेक
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव बुधवार को कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव धाम पहुंचे। उन्होंने मार्कंडेय महादेव का दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। भोजपुरी अभिनेता को अपने बीच देखकर श्रद्धालु भी खुश हो गए। उन्होंने अभिनेता के साथ सेल्फी भी ली। मंदिर के मुख्य पुजारी मुन्ना गुरु, हरिवंश कुमार गिरी, लाल बाबा, अजय कुमार गिरी ने उन्हें दर्शन-पूजन कराया।
पर्यटन विकास परियोजना का फिर सड़क धंसा
सड़क धंसने के बाद शुरू हुईं चर्चाएं।
- फोटो : अमर उजाला
विश्व बैंक द्वारा विश्व प्रसिद्ध भगवान बुद्ध के प्रथम धर्म उपदेश स्थली को पर्यटक सुविधाओं के अनुरूप विकास हेतु लगभग 90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इतने भारी भरकम बजट से सारनाथ क्षेत्र में विकास कार्य शुरू किया गया था।
शुरू से ही प्रो-पुअर परियोजना पर धांधली व गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होते रहे, साथ ही कई खामियां बीते दिनों उजागर हुई थी। अभी बरईपुर सड़क धंसने का मामला शांती नहीं हुआ था कि सारनाथ मुख्य चौराहे पर सड़क धंस गया।
स्थानीय लोगों ने गड्ढे को ईटों से घर दिया, ताकि यहां से आने वाले पर्यटक कहीं इसके अंदर गिर न जाए। यह गड्ढा लगभग 2 मीटर लंबा और 2 मीटर चौड़ा है। गहराई का कोई माप नहीं है।
इससे पहले कार्यदाई संस्था पर विकास प्राधिकरण द्वारा गुणवत्ता में खामियां मिलने पर 50 लाख रुपये का पेनाल्टी लगाया गया था।
मोबाइल लूटकर भाग रहे तीन बाइक सवार पकड़ाए
शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत युवक फोन से बात करते हुए जा रहा था, तभी पीछे से तीन बाइक सवार आए और मोबाइल को छीन कर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने दौड़ा कर तीनों को पकड़ लिया।
बराई थाना चौबेपुर निवासी बृजेश कुमार (32) शाम 5:30 बजे के करीब निजी हॉस्पिटल (शिवपुर) के लिए पैदल अपने ससुर को देखने जा रहा था। उसी समय बृजेश की पत्नी का फोन आ गया। वह बात करते हुए हॉस्पिटल जा रहा था।
इसी दौरान पीछे से तीन बाइक सवार आए और मोबाइल छीन कर भागने लगे। पीड़ित ने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन आगे तरना रेलवे लाइन होने की वजह से तीनों बाइक सवार भागने में असफल रहे। स्थानीय लोगों ने तीनों बाइक सवार को दौड़ा पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए लुटेरों ने अपना नाम बलिरामपुर थाना रोहनिया निवासी मनोज कुमार पटेल, गोविंदपुर थाना रोहनिया निवासी सूरज पटेल उर्फ बल्लू तथा केसरीपुर थाना रोहनिया निवासी करण राजभर बताया।
लंका पुलिस ने किए 74 वाहनों के चालान
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के आदेश पर बुधवार को लंका पुलिस ने 168 वाहनों की जांच की। इस दौरान 74 वाहनों का चालान किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जंगल की जमीन को कराया कब्जा मुक्त, तीन हिरासत में
मानापुर के जंगल की जमीन को प्रशासन ने बुधवार को कब्जा मुक्त कराया। एसडीएम पिंडरा और एसीपी पिंडरा फोर्स के साथ पहुंचे। दो जेसीबी के जरिये अवैध कब्जे को ध्वस्त कराया। इस दौरान किसानों ने आक्रोश जताया, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे पीछे हट गए।
वहीं, विरोध करने पर किसान नेता संतोष पटेल व बहन राजकुमारी समेत एक महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ध्वस्तीकरण के दौरान किसान नेता की फार्म भी जमींदोज हो गया। सुबह नौ बजे से देर शाम तक यह कार्रवाई हुई।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक, आसपास थानों की फोर्स के अलावा पीएसी व दंगा नियंत्रण वाहन भी तैनात रहे। तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि केवल खाली जमीन पर ही जिला प्रशासन ने कब्जा किया है। एक हफ्ते की मोहलत दी गई है। यदि किसी के पास जमीन नहीं होगी तो पुनर्वास प्रशासन कराएगा।
राजस्व व पुलिस टीम पर हमले के मामले में 12 आरोपियों को मिली जमानत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा में मेड़बदी और सीमा निर्धारण के लिए पहुंची राजस्व व पुलिस टीम पर हमले के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सातवां) डॉ. धर्मेंद्र कुमार की अदालत ने 12 आरोपियों सोमारू यादव, जितेन्द्र उर्फ़ कल्लू यादव, विरेन्द्र उर्फ उपेन्द्र यादव, नन्कू यादव, शिव कुमार यादव, राजकुमार यादव, राजेश यादव, दिनेश यादव उर्फ राजीव, राजेश यादव उर्फ झगडू, मनोज यादव, ओमप्रकाश यादव व बृजेश उर्फ रिंकू यादव को 25-25 हजार रुपये की दो जमानते एवं बन्धपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, चिरईगांव चौकी प्रभारी पंकज कुमार राय चौबेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है 18 अप्रैल 2024 को नायब तहसीलदार शहर प्रीतम सिंह, लेखपाल ओमप्रकाश, पुष्पेन्दर कन्नौजिया, ललन सिंह यादव व राजस्व निरीक्षक, राजेश राम व जितेन्द्र सिंह के साथ संदहा गांव में गोपीनाथ के नाराजी पर मेड़बंधी व चिन्हानकण करने हेतु पुलिस टीम के साथ गया था।
मौके पर गोपीनाथ गुप्ता की जमीन में गांव के सोमारु यादव द्वारा किए गए अवैध कब्जे को कटाया जा रहा था। उसी दौरान आरोपियों ने उक्त कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने लगे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह लोग गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगे। साथ ही पत्थर उठाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिए, जिससे राजस्व समेत कई पुलिस वाले चोटिल हो गए।
पानी के लिए नगर निगम कार्यकारिणी के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन
छित्तूपुर दलित बस्ती की महिलाओं ने बुधवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष के बाहर प्रदर्शन किया। अंदर कार्यकारिणी की बैठक चल रही थी और बाहर महिलाओं का हुजूम जुटा था।
प्रदर्शन की सूचना पर कार्यकारिणी की बैठक से बाहर निकले जलकल के महाप्रबंधक विजय नारायण मौर्य ने उनकी समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में शामिल उर्मिला ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में पेयजल संकट हो गया है। क्षेत्र में लगे हैंडपंप भी खराब हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में घर में पानी नहीं आ रहा है।
कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए यहां हम लोग अपनी समस्या लेकर आएं हैं। यदि सुनवाई नहीं होगी तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में भागीरथी, चंदा देवी, सुषमा, ललिता, ज्योति, कंचन, पूनम आदि शामिल रही।
मंगला आरती के कैंसिल टिकट अब ऑनलाइन मिलेंगे
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। मंदिर की आरती में शामिल न होने वाले यात्रियों के टिकट अब ऑनलाइन भी उपलब्ध हो सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस नई सुविधा के शुरू होने पर मंगला आरती के टिकट अब पूरी तरह से ऑनलाइन ही मिलेंगे।
मंदिर प्रशासन ने रोजाना टिकट बुक होने के बाद कैंसिल होने वाले टिकटों को ऑनलाइन दोबारा बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। श्रद्धालु आरती से तीन घंटे पहले तक इसकी बुकिंग करा सकेंगे। मंगला आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालु इसकी बुकिंग मंदिर की वेबसाइट या एप से कर सकेंगे।
अधिवक्ता की पत्नी को सौंपा दो लाख का चेक
यूपी बार काउंसिल की ओर से कोतवाली के गायघाट में मृतक अधिवक्ता सत्यनारायण सिंह के परिजनों को दो लाख का चेक सौंपा गया। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन व वर्तमान सदस्य हरिशंकर सिंह ने अधिवक्ता की पत्नी माया सिंह को चेक सौंपा।
हरिशंकर सिंह ने बताया कि पहले सहायता राशि दस हजार रुपये दी जाती थी, जिसे अपने कार्यकाल में 25 हजार करवाया। वहीं, मृत्यु के बाद मिलने वाली एक लाख की राशि को डेढ़ लाख फिर दो लाख करवाया। इस दौरान मनोज सिंह, करिश्मा तिवारी, ज्योति सिंह, विशाल यादव मौजूद रहे।
रोजगार मेले में 84 युवाओं को मिली जॉब
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में बुधवार को रोजगार मेले लगाया गया। मेले में 569 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 84 अभ्यर्थियों का 10 कंपनियों ने चयन किया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने कहा कि कुछ कंपनियों ने लिखित परीक्षा ली। वहीं, कुछ ने साक्षात्कार लिया।
तीन अभ्यर्थियों का चयन सालाना 3 लाख के पैकेज पर हुआ। बताया कि अगला रोजगार मेला 30 जुलाई को लगेगा। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यार्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड लाना होगा।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, ट्रैक के पास ही साइकिल बरामद हुई है। उसमें लगे झोले में करनी, इंची, टेप और एक ईंट काटने वाली बसूली मिली है। संभावना जताई जा रही है कि वह राजगीर मिस्त्री था। शख्स की उम्र लगभग 45 वर्ष है।
मार्कंडेय महादेव मंदिर से दो बाइक चोरी
कैथी के मार्कंडेय महादेव मंदिर के बाहर से दो दिन में दो बाइक चोरी हुई। रामपुर चंद्रावती निवासी शारदा प्रसाद और हरदासीपुर निवासी मनोज कुमार की बाइक बुधवार को चोरी हो गई।
घर से निकले बुजुर्ग हुए लापता
बड़ागांव थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी मुहर्रिर प्रह्लाद मिश्रा (68) लापता हैं। सोमवार शाम से घर निकले बुजुर्ग की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई है। बेटे मुकेश ने पुलिस को बताया कि गांव के पास ही रिश्तेदार के पास वह मांगलिक कार्यक्रम में वह गए थे। उसके बाद से घर नहीं लौटे।
आठ स्कूली बसों के काटे गए चालान
डग्गामार और स्कूली वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान जारी है। इसके तहत बुधवार को 20 स्कूल बसों के चालान काटे गए। साथ ही एक बस को सीज किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बिना फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण और टैक्स के संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया।
बिजली चोरी में 5 पर पर मुकदमा
विद्युत वितरण खंड चिरईगांव में बिजली चोरी रोको अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली चोरी करते पकड़े गए पांच उपभोक्ताओं पर भेलूपुर बिजली थाना मुकदमा दर्ज कराया गया। एसडीओ विक्रांत ने बताया कि पांच उपभोक्ताओं को अवैध रूप से विद्युत चोरी करने और सात को निर्धारित भार से अधिक बिजली खर्च करते हुए पाया गया। इसमें सात का लोड बढ़ाने की संस्तुति की गई।
कोर्ट से मुस्कुराते हुए बाहर निकला दरोगा
कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी दरोगा सूर्यप्रकाश पांडेय को कोर्ट में पेश किया। पेशी के बाद कोर्ट रूम से बाहर निकलने पर मुस्कुराते हुए अपने अधिवक्ताओं से मुलाकात की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसकी चर्चाएं कचहरी और कश्मिनरेट पुलिस में खूब रहीं।
जानलेवा हमला मामले में 20 दोषियों को 5 वर्ष की सजा
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण दीनानाथ की अदालत ने जानलेवा हमला मामले में एक पक्ष के नौ और दूसरे पक्ष के 11 आरोपियों को दोषी पाया और 5 वर्ष की सजा के साथ ही 25 -25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा में 15 मई 1998 की सुबह बवाही संप्रदाय से जुड़े कुछ लोगों का सिन्नी संप्रदाय के लोगों से ताजिये ले जाने को लेकर रंजिश थी। इसे लेकर हथियारों, लाठी डंडे से मारपीट हो गई। जबकि इसी मामले से जुड़े क्रास केस में कहा गया कि इमामबाड़ा के कमरे का ताला तोड़कर कब्जा करने को लेकर हुए विवाद में दर्ज कराये गए मुकदमे में 11 अभियुक्तों को दोषी पाया और 5 वर्ष की सजा और 25 हजार प्रत्येक को जुर्माना की सजा सुनाई गई।
दोनों पक्ष में एक की ओर से एडीजीसी रोहित मौर्य और दूसरे पक्ष से विद्याशंकर त्रिपाठी ने सजा दिलाने में पक्ष रखा। अदालत में कई अभियुक्तों का कहना था कि वह 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग है। ऐसे में सजा में नरमी बरती जाने का अनुरोध किया था।
महिला समेत 3 की जमानत अर्जी खारिज
वाराणसी। हत्या मामले में जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने महिला समेत तीन की जमानत की अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी। प्रकरण में वादी प्रकाश के अनुसार 12 जून 2024 की सुबह पुश्तैनी मकान की साफ-सफाई कर रहा था। इस बीच पड़ोसी गोविंद दूबे व राजा दूबे ने पुरानी रंजिश में मारपीट की।
बाद में विपक्षी की मां आशा दूबे, बहन राधा दूबे के ललकारने पर 10-12 नकाबपोश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें चाचा मुन्नीलाल व चचेरे भाई कमलेश का सिर फट गया और दोनो अचेत होकर मौके पर ही गिर गये और वादी व उसके छोटे चाचा चन्द्रभूषण को भी चोटें आईं।
चाचा मुन्नीलाल को बीएचयू ट्रामा सेन्टर भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मेडिकल रिपोर्ट में सात चोटें दर्शाई गई। बेनीपुर (महेशपट्टी) मिर्जामुराद निवासी आरोपी आशा देवी, शुभ चतुर्वेदी व अंकित चौबे की जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी गई।
दिव्यांग सर्टिफिकेट बनाने में अनियमितता की शिकायत
वाराणसी के नवलपुर आनंदनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर धन उगाही की शिकायत सीएमओ से की है। शिकायत पत्र में शिकायतकर्ता राजेश श्रीवास्तव ने यह कहा है कि बिटिया का प्रमाण पत्र बनवाने वह पहले दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल गए।
यहां से पता चला कि मानसिक अस्पताल में बनेगा। यहां जाने पर एक व्यक्ति जो कि अपने को सरकारी कर्मचारी बताते हुए इसके लिए रुपये की मांग की। रुपये न देने पर उसने दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बनाया। राजेश ने मामले की जांच करवाकर सीएमओ से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इस बारे में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि एक व्यक्ति की शिकायत मिली है। इसमें उन्होंने जो भी आरोप लगाए हैं, उसकी नियमानुसार जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
बेनियाबाग से दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
निर्माण कार्य की वजह से गुरुवार को बेनियाबाग उपकेंद्र से दिन में दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। एसडीओ चौकाघाट के मुताबिक चौकाघाट उपकेंद्र में नया पैनल लगाने का कार्य दोपहर 12 से दो बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान चेतगंज, कोदई चौकी, काली महल, भूलेटन, छोटी पियरी, हड़हा सराय, दलामंडी, नयी सड़क और लाहुराबीर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं होगी। उधर नगर निगम उपकेंद्र से निर्माण कार्य की वजह से दो घंटे शटडाउन लेकर निर्माण कार्य कराई जाएगी।
रमना एफएसटीपी पहुंचे इथियोपिया के डेलिगेट्स, तकनीकी अपनाएंगे
रमना एफएसटीपी पहुंचे इथियोपिया के डेलिगेट्स।
- फोटो : अमर उजाला
इथियोपिया के डेलिगेट्स ने बुधवार को रमना एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का एक्सपोजर विजिट किया। उन्होंने यहां प्लांट में होने वाले कार्यों को देखा और इस तकनीक को अपने देश में अपनाने की बात कही।
50 केएलडी प्लांट को देखने के लिए इथियोपियाई जल और ऊर्जा मंत्रालय की 12 सदस्यीय टीम एवं सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट की टीम पहुंची। उन्होंने प्लांट का दौरा किया। सीएसई के कार्यक्रम अधिकारी मनीष मिश्रा ने सह-उपचार संयंत्र के कामकाज को समझाया।
आशीष कुमार सिंह ने 50 एमएलडी सीवेज उपचार संयंत्र के बारे में बताया। फीकल स्लज प्रबंधन पर जल निगम के प्रोजेक्ट अभियंता विक्की कश्यप और अवर अभियंता केके वर्मा, जलकल से सहायक अभियंता ने जानकारी दी।
इसके बाद हुई बैठक में फीकल स्लज उपचार संयंत्रों पर चर्चा की गई। इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल यह सीखने के लिए उत्सुक था कि उत्तर प्रदेश, भारत में फीकल स्लज को कैसे योजना बनाकर प्रबंधित किया जा रहा है। वे अपने शहर में कुछ फीकल स्लज उपचार संयंत्र स्थापित करना चाहते हैं। इथियोपियाई सदस्यों में बेरहनु, इवेंटू, फायेरा, जेमेडा, हबतमु, मलकामु, निगेस, टेसहोम, तमिरू, यिल्मा, जेनबिह शाामिल रहे।
कुएं में मिला शव
चोलापुर थाना क्षेत्र के देइपुरग्राम पंचायत के में एक कुएं में शव मिला है। चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को निकालना का प्रयास किया। एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। शव को बाहर नहीं निकाला गया। थानाध्यक्ष चोलापुर ने बताया कि मौके पर एनडीआरएफ की टीम आई।