वाराणसी। तेज हवा-पानी के चलते रविवार की तड़के शहर की बिजली गुल करा गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। प्रभावित इलाकों के लोगों को बिजली के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। एहतियातन सभी पारेषण और वितरण उपकेंद्रों के कुछ फीडरों को बंद कर दिया गया था।
भदैनी, सोनिया, नगर निगम, मैदागिन, काशी, टाउनहाल, चौक, अर्दली बाजार के कुछ हिस्से में बिजली आपूर्ति धीरे धीरे सामान्य हो गई। कुछ जगहों पर बिजली की लाइन पर गिरे पेड़ों के कारण आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। पेट्रोलिंग कर बारी बारी से फीडरों को चालू कर आपूर्ति बहाल की जा रही है। इसी प्रकार, पांडेयपुर, सांस्कृतिक संकुल, बड़ा लालपुर, तरना और कोईलहवा उपकेंद्र से भी घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। गांधीनगर में बिजली के तार पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।ककरमता, मंडुवाडीह, न्यू कॉलोनी, नरिया, भेलूपुर, करौंदी, शंकुलधारा, बेनिया, मच्छोदरी, कज्जाकपुरा, अलईपुर, लेढ़ूपुर आदि उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों की बिजली बाधित रही। विद्युतकर्मी उखड़े और लटके पोलों को दुरुस्त करने, टूटे तार जोड़कर बिजली व्यवस्था चालू करने में लगे रहे। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता मनोज अग्रवाल ने बताया जहां जहां से सूचना आई। वहां लाइन को दुरुस्त करके आपूर्ति बहाल कर दी गई।